Tue. Aug 18th, 2026

लाड़ली बहनों पर पैसों की बारिश! अगले 5 साल के लिए भारी-भरकम बजट पास, युवाओं पर भी फोकस

भोपाल। मध्य प्रदेश में विकास की रफ्तार को ‘टॉप गियर’ में डालते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने मंगलवार को कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। मंत्रालय में हुई कैबिनेट की अहम बैठक में सरकार ने अपना खजाना खोलते हुए प्रदेश के विकास, महिला कल्याण और युवाओं के लिए कुल 1 लाख 46 हजार करोड़ रुपये के महा-प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी है। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का विजन अगले 5 सालों में मध्य प्रदेश को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।

आधी आबादी पर पूरा फोकस: 1.32 लाख करोड़ का मेगा बजट

मोहन सरकार ने यह साफ कर दिया है कि ‘लाड़ली बहना’ योजना न सिर्फ जारी रहेगी, बल्कि इसे और मजबूत किया जाएगा। कैबिनेट ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सबसे बड़ा कदम उठाते हुए लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को अगले पांच वर्षों तक वित्तीय मजबूती देने का फैसला किया है। इन अहम योजनाओं के लिए सरकार ने 1.32 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भारी-भरकम बजट प्रावधान सुनिश्चित कर दिया है।

युवाओं को ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने की तैयारी

रोजगार और आधुनिक तकनीक के मोर्चे पर सरकार ने युवाओं के लिए बड़े ‘गिफ्ट’ का ऐलान किया है:

1 करोड़ युवाओं को AI की सौगात: आने वाले सिर्फ एक साल के भीतर प्रदेश के 1 करोड़ से अधिक युवाओं को ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ की मुफ्त स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी।

फ्री ऑनलाइन कोचिंग: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए प्रदेश भर में निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

गांवों में छिपे ‘टैलेंट’ को तलाशेगी सरकार

कैबिनेट ने खेल के क्षेत्र में भी एक बड़ा और अनोखा फैसला लिया है। प्रदेश के गांव-गांव और हर स्कूल में 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए विशेष ‘टैलेंट हंट’ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत चुनी गई खेल प्रतिभाओं को सरकार अपने खर्चे पर विशेष ट्रेनिंग देगी, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत सकें।

इसके अलावा, स्वास्थ्य, कृषि, विज्ञान और सड़क विकास से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के प्रस्तावों को भी कैबिनेट ने सर्वसम्मति से अपनी मंजूरी दे दी है।

About The Author