वंदे मातरम पर MP में घमासान: BJP ने साधा निशाना, कांग्रेस ने पूछा- ‘क्या आपको पूरा याद है?’
भोपाल। कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के केवल दो पैराग्राफ गाने के फैसले पर मध्य प्रदेश में सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गए हैं।
बीजेपी का तीखा हमला
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी विरोध की राजनीति करते-करते अब राष्ट्रगीत के विरोध पर उतर आई है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्ना के मरने के बाद उनकी आत्मा कांग्रेस में प्रवेश कर गई है। शर्मा ने चेतावनी दी कि कांग्रेस राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और सनातन परंपरा का सम्मान करे और मुस्लिम लीग बनने के बजाय पूरे देश की आवाज बने।
कांग्रेस का पलटवार
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी के आरोपों का कड़ा जवाब दिया।
सिंघार ने सवाल उठाया कि बीजेपी के कितने नेताओं को पूरा वंदे मातरम याद है? देश में लाखों लोग ऐसे हैं जिन्हें पूरा गीत नहीं आता, लेकिन वे सच्चे भारतीय हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी पुरानी परंपरा का पालन कर रही है और बीजेपी को इस पर गैर-जरूरी राजनीति बंद करनी चाहिए।

