रायपुर शहर विकास के लिए महापौर, निगम के अधिकारीयों के साथ मूणत ने किया मंथन
Raipur News : पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागृह में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्डों से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक ली और विकास कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
Raipur News रायपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागृह में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्डों से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक ली और विकास कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। इस बैठक में विधायक राजेश मूणत ने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यो सहित सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाईट प्रबंधन अतिक्रमणों पर कार्यवाही कर शहर को राजधानी के अनुरूप स्वच्छ सुन्दर सुव्यवस्थित विकसित स्वरूप देने के कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के संबंधित अधिकारियों को दिये।उन्होंने सुझाव दिया कि निजी आवासीय कॉलोनियों एवं परिसरों के निवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना तैयार कर शहर हित में डीपीआर तैयार कर उसका क्रियान्वयन किया जाए। इससे नगर निगम रायपुर को राजस्व प्राप्ति हो सकेगी। महापौर एजाज ढेबर ने भी सुझाव दिए।
मूणत ने शहर में विभिन्न स्थानों पर ठेले और खोमचे लगाने पर प्रभावी नियंत्रण की योजना बनाकर और उसे व्यवस्थित करके शहर को एक सुव्यवस्थित संरचना प्रदान करने के लिए शीघ्र ही एक कार्य योजना लागू करने का सुझाव दिया।राजेश मूणत ने शहर की स्ट्रीट लाइट प्रबंधन की व्यवस्था को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा है कि बाहरी शहरों और राज्यों से राजधानी आने वाले नागरिकों का रायपुर शहर के प्रति स्वाभाविक रूप से सकारात्मक दृष्टिकोण बनता है। रात में हम देखते हैं कि स्ट्रीट लाइट पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से जल रही हैं। शहर के हित में सभी स्ट्रीट लाइटों को जलवाना और उनका उचित प्रबंधन करना प्रशासनिक प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक में विधायक मूणत ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और शहर को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप राजधानी शहर में विकास योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उपमुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरूण साव के मार्गदर्शन में रायपुर शहर के विकास के लिए भविष्य की सकारात्मक सोच के साथ कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन किया जाना चाहिए।रायपुर पश्चिम विधायक ने बैठक में उपस्थित पार्षदों को सुझाव दिया कि वे सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिदिन सुबह स्वयं वार्डों का निरीक्षण करें तथा संबंधित जोन कमिश्नर एवं अधिकारियों को बुलाएं, ताकि शहर में बेहतर मॉनिटरिंग के माध्यम से सफाई व्यवस्था को बेहतर एवं सतत बनाए रखा जा सके।
रायपुर पश्चिम विधायक ने सामाजिक संगठनों के माध्यम से उद्यानों के रख-रखाव एवं सौन्दर्यीकरण का सुझाव दिया। उन्होंने जनहित में सुझाव दिया कि मामले का नियमानुसार निराकरण कराकर रामकुण्ड क्षेत्र में पट्टे वितरण की व्यवस्था शीघ्र की जाए। इसके अलावा मूणत ने गुढ़ियारी क्षेत्र में पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा आम लोगों को शीघ्र पर्याप्त राहत पहुंचाने की योजना बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने मानसून के दौरान सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करने तथा संबंधित लोगों को अच्छी प्रशासनिक व्यवस्था उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

