Sun. Mar 22nd, 2026

Mission 2023 : शाह-नड्डा की 5 घंटे की मैराथन बैठक में 40 प्रत्याशियों के नाम तय

AMIT SHAH

Mission 2023 : बैठक में तय किए गए नामों पर अंतिम मुहर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लगाई जाएगी। इसमें कुछ सांसद और पूर्व विधायक के साथ ज्यादातर नए चेहरे होंगे।

Mission 2023 : रायपुर. विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति और तेज कर दी है। Mission 2023 गुरुवार को दोपहर 1 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (amit shah) , भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) , राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। वे एयरपोर्ट से सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय गए। वहां प्रदेश भाजपा (BJP)  प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, संगठन महामंत्री पवन साय के साथ बैठक की।

करीब 5 घंटे तक चली मैराथन बैठक में बची 69 सीटें के प्रत्याशियों, चुनाव के लिए घोषणा पत्र और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। दूसरी सूची में करीब 40 प्रत्याशियों के नाम तय किए गए हैं। बैठक में आगामी एक माह तक सभी 90 विधानसभा सीटों पर भाजपा का माहौल बनाए रखने के लिए आगामी दिनों में बड़े नेताओं की चुनावी सभा भी रणनीति बनाई गई। बैठक के बाद तीनों शीर्ष नेता प्रदेश कार्यालय में डिनर करने के बाद विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए।

40 सीटों पर जीत का दावा, 15 में कड़ी टक्कर
जानकारी के अनुसार शीर्ष नेताओं द्वारा पिछले एक माह में किए गए कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रदेश भाजपा के नेताओं ने दावा किया कि फिलहाल 40 सीटों पर भाजपा जीत रही है, जबकि 15 सीटों पर कांग्रेस-भाजपा में कड़ी टक्कर है। 15 दिन तक निकाली गई परिवर्तन यात्रा से भी सभी 90 सीटों में अब माहौल बदल गया है। जानकारी के अनुसार बैठक में तीनों शीर्ष नेताओं ने कमजोर और कड़ी टक्कर वाली सीटों के बूथों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। घोषणा पत्र को लेकर विस्तार से मंथन किया। चुनाव में वोटरों को एकतरफा भाजपा के पक्ष में लाने के लिए क्या-क्या वादे किए जा सकते हैं, इस पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पहली सूची में घोषित 21 प्रत्याशियों की उनकी विधानसभा में स्थिति पर भी रिपोर्ट ली गई।

पैनल पर चर्चा कर एक नाम पर मुहर
बैठक में दूसरी सूची के दावेदारों के नामों के पैनल पर विस्तार से चर्चा कर एक नाम तय किया। इसके पहले दावेदार की विधानसभा में सियासी स्थिति, क्षेत्र के लोगों के बीच व्यवहार कैसा, चुनाव जीत सकते हैं कि नहीं, सामाजिक और जातीय समीकरण के पैमाने पर कितना खरा उतर रहा है, आदि बिंदुओं पर मंथन किया गया। इसके बाद प्रत्याशियों के नाम तय किए। बताया जा रहा है कि बैठक में तय किए गए नामों पर अंतिम मुहर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लगाई जाएगी। इसमें कुछ सांसद और पूर्व विधायक के साथ ज्यादातर नए चेहरे होंगे।

 

About The Author