Sun. Feb 15th, 2026

जबलपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका, दो की मौत, 9 कर्मचारियों की हालत नाजुक

जबलपुर के ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया में ब्लास्ट से दो कर्मचारियों की मौत हो गई है जबकि 9 कर्मचारी घायल हुए हैं।

जबलपुरः मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (हथियार बनाने वाली कंपनी) में जबरदस्त धमाका हुआ है। जिले के खमरिया में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में ब्लास्ट से दो कर्मचारियों की मौत हो गई है जबकि 9 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, कंपनी के एफ 6 सेक्शन में यह धमाका हुआ है। धमाका इतना तेज था कि बिल्डिंग का एक हिस्सा धराशायी हो गया। मलबे में कई कर्मचारियों के दबे होने की खबर आ रही है। मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

धमाके में ढह गया बिल्डिंग का एक हिस्सा
जानकारी के अनुसार, धमाके में इमारत का एक हिस्सा ढह गया और खबर है कि कई मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। प्रशासन प्रभावित लोगों की पहचान करने और उनकी मदद के लिए बचाव अभियान चला रहा है। इस दुखद दुर्घटना में दो श्रमिकों की मौत की पुष्टि की गई है और गंभीर रूप से घायल नौ अन्य का इलाज किया जा रहा है। आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंची हैं। विस्फोट की वजह अभी सामने नहीं आई है।

About The Author