Fri. Jun 26th, 2026

विधानसभा सत्र से पहले बड़ा आदेश, अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

विधानसभा मानसून सत्र के दौरान जिले से जुड़े प्रश्नों के समयबद्ध जवाब और प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगाते हुए मुख्यालय में अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश जारी किए।

 

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को देखते हुए मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विधानसभा में जिले से संबंधित प्रश्नों के समयबद्ध और तथ्यात्मक उत्तर उपलब्ध कराने तथा प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।

 

जारी आदेश के अनुसार 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले विधानसभा मानसून सत्र के दौरान जिले के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अत्यंत आवश्यक अथवा अपरिहार्य परिस्थितियों में अवकाश पर जाना पड़े या मुख्यालय छोड़ना हो, तो इसके लिए संबंधित सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। विभागाध्यक्ष या कार्यालय प्रमुख की लिखित अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा।

 

जिला प्रशासन का उद्देश्य विधानसभा सत्र के दौरान जिले से जुड़े प्रश्नों के सटीक, प्रमाणिक और समयबद्ध उत्तर शासन को उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक कार्यों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने सभी विभागों को विधानसभा सत्र के दौरान पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी स्तर पर कार्य प्रभावित न हो।

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े