महादेव सट्टा केस में CBI का बड़ा एक्शन, दुबई से लौटते ही एयरपोर्ट पर अभिषेक गिरफ्तार
महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और गिरफ्तारी की है। जांच एजेंसी ने अभिषेक कुमार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। बताया गया कि अभिषेक दुबई से भारत लौटा था और एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सीबीआई की टीम ने उसे पकड़ लिया।
जांच के अनुसार, अभिषेक कुमार कथित तौर पर महादेव बेटिंग नेटवर्क से जुड़े कई अहम कामों में शामिल था। उस पर बेटिंग पैनल के संचालन को कोऑर्डिनेट करने, पैसों के कलेक्शन और कथित अवैध कमाई को दूसरे कामों में लगाने में भूमिका निभाने का आरोप है।
दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने का भी आरोप
सीबीआई की जांच में अभिषेक की कथित गतिविधियों से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। एजेंसी के मुताबिक, गैर-कानूनी गतिविधियों से अर्जित बताई जा रही रकम का इस्तेमाल दुबई में अचल संपत्ति खरीदने के लिए किए जाने की जानकारी सामने आई है। तलाशी के दौरान जांच एजेंसी को अभिषेक के कब्जे से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है। सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में इस सामग्री के महादेव बेटिंग एप के संचालन से संबंध होने की आशंका है।
सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी से कनेक्शन
जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार अभिषेक कुमार कथित तौर पर महादेव बेटिंग एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था। अब सीबीआई उसकी भूमिका, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन को लेकर पूछताछ कर रही है। एजेंसी की जांच का एक अहम हिस्सा कथित सट्टा नेटवर्क से होने वाली कमाई और उसके इस्तेमाल का पता लगाना भी है।
फरार आरोपियों पर भी कार्रवाई जारी
महादेव सट्टा एप से जुड़े विदेश में मौजूद आरोपियों को भारत लाने की प्रक्रिया भी जांच एजेंसी की ओर से जारी है। सीबीआई के अनुसार, मामले में अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए गए हैं और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।
इसके अलावा दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ कथित अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने का काम भी जारी है।
हैदराबाद कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड, रायपुर में कस्टडी
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक कुमार को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। सीबीआई की मांग पर अदालत ने उसे तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दी। इसके बाद आरोपी को रायपुर लाकर सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। रायपुर की अदालत ने अभिषेक कुमार को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। अब जांच एजेंसी उससे महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े कथित लेन-देन और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। महादेव सट्टा एप मामले में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में 13 एफआईआर दर्ज होने की जानकारी है। सीबीआई मामले से जुड़े नेटवर्क और कथित अवैध कमाई के स्रोतों की जांच कर रही है।

