Thu. Aug 20th, 2026

Kenya Helicopter Crash: टेकऑफ के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर क्रैश, 5 अमेरिकी समेत 7 की मौत

Kenya Helicopter Crash: उत्तरी केन्या के एक सुदूर और दुर्गम इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा पेश आया। केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 9:13 बजे लोईसाबा संरक्षण क्षेत्र से सांबुरु काउंटी के इवासो नीरो क्षेत्र की ओर उड़ान भरते ही एक हेलीकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, उड़ान भरते ही यह हेलीकॉप्टर आग का गोला बन गया, जिससे चारों ओर चीख-पुकार मच गई।

इस भीषण दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सांबुरु के पुलिस कमांडर डेविड नकोरोई ने इस बात की पुष्टि की है। वाशिंगटन में अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि मृतकों में पांच अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। अमेरिकी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और पीड़ित परिवारों को राजनयिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

‘टेलीमुंडो’ के अध्यक्ष के भी मारे जाने की खबर

यद्यपि आधिकारिक रूप से मृतकों की पूरी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन फ्लोरिडा (मियामी) के एक स्थानीय टेलीविजन चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में एनबीसी यूनिवर्सल के स्वामित्व वाले स्पेनिश भाषा के टीवी नेटवर्क ‘टेलीमुंडो’ के अध्यक्ष और महाप्रबंधक जोसे सुआरेज (55) भी शामिल हैं।

दुर्गम इलाका बना रेस्क्यू में बाधा

यह दुर्घटना देश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल माउंट ओलोलोकवे की तलहटी के एक बेहद दुर्गम इलाके में हुई। यह हेलीकॉप्टर स्थानीय कंपनी ‘लेडी लोरी हेलीकॉप्टर्स’ का था, जो यात्रा कंपनी ‘बियॉन्ड’ के मेहमानों को लेकर जा रहा था। हादसे के तुरंत बाद सफारी संचालक ‘ट्रॉपिक एयर केन्या’ ने खोज एवं बचाव अभियान में मदद के लिए अपने दो हेलीकॉप्टर मौके पर भेजे। केन्या रेड क्रॉस की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें भी अलग-अलग एजेंसियों के साथ मिलकर घटनास्थल तक पहुंचने और स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी में भी पश्चिमी केन्या के पहाड़ी इलाके में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें एक सांसद समेत छह लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने केन्या की विमानन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About The Author