Jaipur Noorani Mosque Demolition: 45 साल पुरानी नूरानी मस्जिद पर चला जेडीए का बुलडोजर, 3000 पुलिसकर्मी तैनात, इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद!
Jaipur Noorani Mosque Demolition: राजस्थान की राजधानी जयपुर के मालवीय नगर इलाके में प्रशासन ने एक बड़ा एक्शन लिया है। सड़क चौड़ीकरण परियोजना के आड़े आ रही 45 साल पुरानी नूरानी मस्जिद को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच जमींदोज कर दिया है। इस कार्रवाई के दौरान इलाके में कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील करते हुए करीब 3000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, वहीं अफवाहों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को संभालने के लिए आगामी 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
क्यों की गई यह कार्रवाई?
मालवीय नगर के इस इलाके में सड़क काफी संकरी होने के कारण लंबे समय से भारी जाम की समस्या बनी रहती थी। यातायात को सुगम बनाने के लिए JDA ने सड़क चौड़ीकरण परियोजना की योजना बनाई थी। इस प्रोजेक्ट के तहत प्रशासन ने पहले ही अवैध निर्माण के दायरे में आने वाले विभिन्न लोगों को 143 नोटिस जारी किए थे। इसमें से 134 मकानों पर JDA ने पिछले दिनों 22 मई को ही बुलडोजर चला दिया था। उस वक्त धार्मिक स्थलों को हाथ नहीं लगाया गया था, लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया था कि बाकी बची 9 संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इसी परियोजना के तहत अब नूरानी मस्जिद, एक मजार, दो छोटे मंदिर और एक सत्संग भवन को हटाने की कार्रवाई की गई है।
मस्जिद कमेटी का क्या है पक्ष?
इधर, इस कार्रवाई के बाद से ही पूरे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। नूरानी मस्जिद कमेटी का दावा है कि यह मस्जिद साल 1981 में करीब 391 वर्ग गज भूमि पर बनाई गई थी और पिछले 45 सालों से यहाँ नियमित रूप से पांचों वक्त की नमाज़ अदा की जा रही थी, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल होते थे।
कमेटी का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया। उनके अनुसार, JDA ने 5 मई को नोटिस देकर 8 तारीख को बुलडोजर चलाने की बात कही थी, जिससे उन्हें कानूनी रास्ता अपनाने का मौका नहीं मिला। कमेटी का यह भी कहना है कि उन्होंने यह जमीन JDA से स्वीकृत एक हाउसिंग सोसाइटी से खरीदी थी। हालांकि, इस विवाद के बीच JDA अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था और सहयोग बनाए रखने के लिए खो नागोरियन क्षेत्र में लगभग 1100 वर्ग गज की वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी दिया है।
मुंबई की घटना से लिया सबक, जयपुर पुलिस अलर्ट
हाल ही में मुंबई के बांद्रा इलाके में एक अवैध मस्जिद पर कार्रवाई के दौरान बीएमसी (BMC) की टीम और पुलिस पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। जयपुर पुलिस ने उस घटना से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए। बुलडोजर एक्शन शुरू होने से पहले ही पूरे इलाके में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति या विरोध प्रदर्शन से तुरंत निपटा जा सके।
फिलहाल, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है और प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।

