Wed. Sep 23rd, 2026

‘आपके रास्ते पर चलूंगा, कभी निराश नहीं करूंगा’: नेशनल कोऑर्डिनेटर बनते ही बोले ईशान आनंद, मायावती ने दी सख्त चेतावनी

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के संगठन में बड़ा बदलाव सामने आया है। पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए BSP का National Coordinator बनाया है। पहले ईशान के भाई आकाश आनंद पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर थे, लेकिन अब उनकी जगह ईशान आनंद को संगठन में आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। लखनऊ में आज मायावती ने पार्टी की बड़ी मीटिंग बुलाई थी, जिसमें पूरे देश के पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में मायावती ने ईशान आनंद को आशीर्वाद दिया। इस दौरान ईशान आनंद ने मायावती के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

वर्षों पुरानी परंपरा टूटी, मायावती के बाद बोले ईशान आनंद

आमतौर पर बसपा की बैठकों में मायावती के अलावा और कोई नहीं बोलता है। लेकिन आज की बैठक में मायावती के बाद ईशान आनंद भी बोले। नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाए जाने पर ईशान आनंद ने मायावती को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वो उनके बताए रास्ते पर चलेंगे और उन्हें कभी निराश नहीं करेंगे।

UP, उत्तराखंड और पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी BSP

बैठक के दौरान मायावती ने स्पष्ट किया कि वे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेंगी। इन चुनावों में बहुजन समाज पार्टी किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी।

आकाश आनंद को क्यों किया गया बाहर?

इससे पहले मायावती ने ऐलान किया था कि परिवार में से केवल ईशान आनंद को ही पार्टी में आगे किया जाएगा, जबकि आकाश आनंद और उनकी बहन को पार्टी की किसी भी जिम्मेदारी से दूर रखा जाएगा। मायावती ने बताया कि छोटे भाई आनंद कुमार के आग्रह पर उन्होंने उनके बड़े बेटे आकाश आनंद को राजनीति में आगे बढ़ाया था। हालांकि, शादी के बाद आकाश के रवैये और गतिविधियों का हवाला देते हुए मायावती ने कहा कि उन्हें कुछ दिन पहले पार्टी से अलग करना पड़ा। उन्होंने आकाश के अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में आने का भी आरोप लगाया और कहा कि उन्हें पार्टी में वापस लेना पार्टी के लिए विश्वासघात होगा।

विचार-विमर्श के बाद फैसला, भविष्य के लिए चेतावनी भी

मायावती ने कहा कि उन्होंने काफी विचार-विमर्श के बाद यह तय किया है कि आनंद कुमार के परिवार में से ऐसे सदस्य को आगे किया जाए, जो आकाश के रास्ते पर न चले। इसी के तहत ईशान आनंद को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देने और आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसके साथ ही मायावती ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि भविष्य में ईशान आनंद भी पार्टी विरोधी कोई गंभीर गतिविधि करते हैं, तो उन्हें भी पार्टी से बाहर किया जा सकता है।

About The Author