Fri. Jul 31st, 2026

Iran-US War Update: सीनेट में महज एक वोट से खारिज हुआ ट्रंप की सैन्य शक्तियों को सीमित करने वाला प्रस्ताव

49 के मुकाबले 50 वोट से हारा विधेयक, रिपब्लिकन सांसद ने नहीं लिया हिस्सा, अमेरिका ने ईरान के 10 शहरों पर किए हवाई हमले… ईरान का जवाबी हमला

ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर अमेरिकी राष्ट्रपति की शक्तियों को सीमित करने वाला प्रस्ताव अमेरिकी सीनेट में महज एक वोट से खारिज हो गया। गुरुवार को हुई वोटिंग में प्रस्ताव के पक्ष में 49 और विरोध में 50 वोट पड़े, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सांसद डेव मैककॉर्मिक मतदान में शामिल नहीं हुए।

यदि यह प्रस्ताव पारित हो जाता, तो राष्ट्रपति को ईरान पर किसी भी सैन्य हमले से पहले कांग्रेस (संसद) की मंजूरी लेना अनिवार्य होता। विपक्षी सांसदों का कहना है कि युद्ध जैसे बड़े फैसलों पर अंतिम अधिकार संसद का होना चाहिए। फिलहाल यह विधेयक सीनेट की विदेश मामलों की समिति के पास है और इसे दोबारा लाने की तैयारी की जा सकती है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स

1. मिस्र पर पहली बार हमला

मिस्र के एक बंदरगाह पर ड्रोन हमले में दो जहाजों में आग लग गई। शुरुआती रिपोर्टों में इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार माना जा रहा है।

2. अमेरिका के बड़े हवाई हमले

अमेरिकी सेना ने ईरान के बंदर अब्बास, किश और क़ेश्म द्वीप समेत 10 शहरों को निशाना बनाया। कई स्थानों पर विस्फोटों की खबर है।

3. ईरान का जवाबी हमला

ईरान की रिवोल्यूशनरी फोर्स ने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।

4. कुवैत में चीनी कंपनी की इमारत पर हमला

उत्तरी कुवैत में ईरानी हमले के दौरान एक चीनी कंपनी की बिल्डिंग प्रभावित हुई, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई।

5. रेड सी सुरक्षा गठबंधन

सऊदी अरब ने लाल सागर में जहाजों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बनाने की पहल की है। अब तक 14 देशों ने इसमें शामिल होने की इच्छा जताई है।

भारतीय नागरिकों पर असर

केंद्र सरकार ने संसद को बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान अब तक 16 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 10 भारतीय नाविक शामिल हैं। इसके अलावा 75 भारतीय घायल हुए हैं।

सरकार के अनुसार, मृतकों में ओमान (8), UAE (4), कुवैत (2), सऊदी अरब (1) और इराक (1) के भारतीय शामिल हैं। वहीं, घायलों में UAE (32), ओमान (24), कुवैत (13), कतर (4), सऊदी अरब (1) और इजराइल (1) के भारतीय हैं।

भारतीय नागरिकों की निकासी

सरकार ने यह भी बताया कि ईरान में फंसे 2,557 भारतीयों को अर्मेनिया और अजरबैजान के रास्ते सुरक्षित निकाला गया।

मुआवजा और राहत

युद्ध में जान गंवाने वाले भारतीय नाविकों के परिजनों को DGMA Welfare Scheme के तहत 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। अब तक 16 में से 5 मामलों में मुआवजा जारी किया जा चुका है।

फिलहाल, अमेरिका-ईरान संघर्ष जारी है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

About The Author