Tue. May 19th, 2026

IPL 2026 Playoffs: 3 टीमें अंदर, 1 सीट के लिए 5 दावेदार; जानें पंजाब, चेन्नई, कोलकाता और दिल्ली का पूरा गणित

IPL 2026 Playoffs: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। लीग स्टेज के अब केवल 7 मैच बाकी रह गए हैं, और प्लेऑफ की रेस बेहद दिलचस्प हो गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम-4 में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब बची है सिर्फ एक सीट और इसके लिए 5 टीमों के बीच कांटे की टक्कर जारी है।

इस रेस में राजस्थान रॉयल्स (RR) की स्थिति सबसे बेहतर है, जो अपने दम पर प्लेऑफ में पहुंच सकती है। वहीं बाकी की 4 टीमें केकेआर, डीसी, सीएसके और पंजाब— ‘अगर-मगर’ के फेर में फंसी हुई हैं। आइए जानते हैं इन सभी टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने का पूरा समीकरण।

1. राजस्थान रॉयल्स (RR): भाग्य अपने हाथ में

राजस्थान रॉयल्स इस समय सबसे सुरक्षित स्थिति में है। उसके पास 12 मैचों में 12 अंक हैं और 2 मैच बाकी हैं।

सीधा रास्ता: यदि राजस्थान अपने बाकी बचे दोनों मैच (लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ) जीत लेती है, तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और वह बिना किसी दूसरी टीम पर निर्भर रहे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।

एक जीत का समीकरण: यदि जयपुर में राजस्थान सिर्फ लखनऊ को हरा पाती है, तो उसके 14 अंक होंगे। ऐसे में उसे प्रार्थना करनी होगी कि पंजाब लखनऊ से हार जाए, केकेआर को एक मैच में शिकस्त मिले, दिल्ली केकेआर से हार जाए और सीएसके अपना आखिरी मैच गुजरात से हार जाए।

2. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR): 15 अंकों का लक्ष्य

केकेआर के पास 12 मैचों में 11 अंक हैं और उसके 2 मैच (MI और DC के खिलाफ) बाकी हैं। एक भी हार इन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर देगी।

क्या करना होगा: केकेआर को अपने दोनों मैच जीतकर 15 अंकों तक पहुंचना होगा। इसके साथ ही उन्हें उम्मीद करनी होगी कि राजस्थान अपने दो में से एक मैच हार जाए, पंजाब लखनऊ से हारकर 13 अंकों पर रुक जाए और गुजरात की टीम चेन्नई को हरा दे। यदि पंजाब भी 15 अंकों पर फिनिश करती है, तो मामला नेट रन रेट (-0.038) पर फंसेगा, जिसके लिए केकेआर को बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।

3. पंजाब किंग्स (PBKS): लगातार हार के बाद उम्मीद

पंजाब किंग्स की टीम 13 मैचों में 13 अंकों के साथ मौजूद है और उसका सिर्फ 1 मैच बाकी है।

क्या करना होगा: पंजाब को अपने आखिरी मैच में लखनऊ को हराकर 15 अंकों तक पहुंचना होगा। पंजाब के लिए बेस्ट सिनेरियो यह होगा कि राजस्थान अपने दो में से कम से कम एक मैच हार जाए, केकेआर अपने दोनों मैच गंवा दे और सीएसके की टीम गुजरात से हार जाए। लगातार 5 हार झेल चुकी पंजाब के लिए यह राह आसान नहीं होने वाली है।

4. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK): दूसरों के भरोसे ‘थाला’ की सेना

हैदराबाद से मिली करारी हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स संकट में है। 13 मैचों में उसके पास 12 अंक हैं और केवल 1 मैच (गुजरात के खिलाफ) बाकी है।

क्या करना होगा: सीएसके को अपना आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा जिससे वह 14 अंकों तक पहुंचेगी। चूंकि सीएसके अपने दम पर क्वालीफाई नहीं कर सकती, इसलिए उसे दुआ करनी होगी कि राजस्थान अपने दोनों मैच हारे, पंजाब अपना मैच हार जाए, केकेआर कम से कम एक मैच हारे और दिल्ली कैपिटल्स भी केकेआर से अपना मैच हार जाए।

5. दिल्ली कैपिटल्स (DC): सबसे मुश्किल चुनौती

दिल्ली का समीकरण सबसे ज्यादा पेचीदा है क्योंकि उनका नेट रन रेट (-0.871) सबसे खराब है। 13 मैचों में उनके पास 12 अंक हैं और 1 मैच बाकी है।

क्या करना होगा: दिल्ली को अपने आखिरी मैच में केकेआर को हराना होगा ताकि वह 14 अंकों तक पहुंच सके। इसके बाद चमत्कार की उम्मीद करते हुए राजस्थान को अपने दोनों मैच हारने होंगे, पंजाब को लखनऊ से हारना होगा और सीएसके को भी गुजरात के खिलाफ शिकस्त झेलनी होगी।

About The Author