Wed. May 13th, 2026

छत्तीसगढ़ भाजपा में बढ़ी अंदरूनी हलचल, कोर ग्रुप बैठक से कई वरिष्ठ नेता बाहर

छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश कार्यसमिति बैठक से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को आयोजित भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं की अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। खास बात यह रही कि पूर्व मंत्री और सांसद बृजमोहन अग्रवाल बैठक में शामिल नहीं हुए।

बताया जा रहा है कि पुन्नूलाल मोहले, रामविचार नेताम, विक्रम उसेंडी, गौरीशंकर अग्रवाल और रेणुका सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी बैठक में नहीं बुलाया गया। ऐसे में पार्टी के भीतर संगठनात्मक बदलावों की अटकलें तेज हो गई हैं।

बृजमोहन अग्रवाल ने कही यह बात

कोर ग्रुप बैठक से दूरी को लेकर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उन्हें बैठक के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सूचना नहीं मिलने के कारण वे बैठक में शामिल नहीं हुए।

उन्होंने यह भी बताया कि वे अभी भी भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य हैं और छत्तीसगढ़ गठन के बाद से लगातार इस समिति का हिस्सा रहे हैं। पार्टी संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा बनी रही है।

पहले बुलाया, फिर नहीं आने को कहा!

सूत्रों के मुताबिक, शुरुआत में बृजमोहन अग्रवाल के कार्यालय को बैठक में शामिल होने की सूचना दी गई थी। लेकिन बाद में दोबारा संदेश भेजकर उन्हें बैठक में नहीं आने के लिए कहा गया। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा के भीतर नए समीकरणों और रणनीतिक बदलावों की चर्चा और तेज हो गई है।

वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी से उठे कई सवाल

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेश भाजपा में संगठन स्तर पर बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। लंबे समय से पार्टी में प्रभाव रखने वाले नेताओं का अचानक बैठक से दूर रहना कई सवाल खड़े कर रहा है।

हालांकि भाजपा की तरफ से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रदेश कार्यसमिति बैठक से पहले हुए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को गर्म जरूर कर दिया है। आने वाले दिनों में पार्टी संगठन में क्या बदलाव होते हैं, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े