Fri. Jul 17th, 2026

डोपिंग मामले में ICC का बड़ा एक्शन, मोहम्मद नवाज पर 3 महीने का बैन

ICC banned Mohammad Nawaz for Doping: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में स्पिनर और ऑलराउंडर खिलाड़ी मोहम्मद नवाज पर तीन महीने का प्रतिबंध लगा दिया है। 32 वर्षीय नवाज ने अपनी गलती मान ली है, जिसके बाद ICC ने उन पर यह सख्त कार्रवाई की है।आईसीसी के अनुसार, मोहम्मद नवाज ने एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन को स्वीकार कर लिया। उन्होंने यह भी साबित किया कि प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन प्रतियोगिता से बाहर किया गया था और इसका उद्देश्य खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाना नहीं था। इसी आधार पर आईसीसी ने उन्हें तीन महीने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया। यह प्रतिबंध 1 मई, 2026 से प्रभावी हुआ, क्योंकि नवाज ने उस तारीख से स्वैच्छिक अस्थायी निलंबन स्वीकार कर लिया था।

कोलंबो में हुआ था डोप टेस्ट

यह पूरा मामला आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2026 से संबंधित है, जो इस वर्ष कोलंबो, श्रीलंका में खेला गया था। विश्व कप का मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच 7 फरवरी को कोलंबो में खेला गया था। मैच के बाद मोहम्मद नवाज का नियमित डोप परीक्षण किया गया। इसमें नवाज प्रतिबंधित पदार्थ (कार्बोक्सी-टीएचसी) के सेवन के दोषी पाए गए।

सुधार कार्यक्रम से कम हो सकती है सजा

आईसीसी ने बताया कि नवाज ने सजा स्वीकार कर लिया है और नशामुक्ति एवं पुनर्वास कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सहमत हो गए हैं। यदि वे आईसीसी की संतुष्टि के अनुसार यह कार्यक्रम पूरा कर लेते हैं, तो उन पर तीन महीने का पूरा प्रतिबंध नहीं लगेगा और यह घटकर केवल एक महीने का रह जाएगा। ढाई महीने का निलंबन पूरा होने के बाद उनका अस्थायी निलंबन भी हटा लिया गया है।

आईसीसी के डोपिंग विरोधी नियमों के तहत, मोहम्मद नवाज के 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ हुए मैच और 1 मई 2026 तक के सभी बाद के मैचों के व्यक्तिगत रिकॉर्ड रद्द कर दिए गए हैं। इसका मतलब है कि इस अवधि के दौरान उनके प्रदर्शन को आधिकारिक रिकॉर्ड में मान्यता नहीं दी जाएगी। (एजेंसी)

 

About The Author