21 जून की NEET UG परीक्षा को लेकर केंद्र-राज्य की हाईलेवल बैठक, सुरक्षा पर बड़ा फैसला
NEET UG Exam: 21 जून को दोबारा नीट यूजी परीक्षा को लेकर केंद्र और राज्यों की शुक्रवार को कई स्तर पर उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था अर्धसैनिक बलों को सौंपने का फैसला किया गया। पेपर लीक से जुड़े तार वाले पुणे और लातूर केंद्रों पर विशेष सुरक्षा, सीसीटीवी से निगरानी और सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने जैसे अहम निर्देश दिए जा चुके हैं ।NTA 14 जून से पहले एग्जाम सिटी स्लिप और 16 जून तक नीट यूजी री-एग्जाम एडमिट कार्ड जारी करने की तैयारी में है। 22.79 लाख उम्मीदवारों में से सबसे ज्यादा उम्मीदवार उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से हैं।

बैठक में जम्मू कश्मीर, चंडीगढ़, बिहार व छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के अलावा पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी भी जुड़े थे। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से बताया कि नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। परीक्षा में 23 लाख अभ्यर्थी शामिल होने वाले हैं। परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी।
परीक्षा का समय
नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। इस समय में परीक्षा से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं भी शामिल रहेंगी। परीक्षा पेन और पेपर मोड (ऑफलाइन) में 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। NEET UG ने पहले ही उम्मीदवारों को सूचित कर दिया था कि वे 15 मई से 21 मई, 2026 तक रात 11:50 बजे तक अपना वर्तमान पता और पसंदीदा परीक्षा शहर अपडेट कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी बदलाव का मौका नहीं मिलेगा। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर विजिट कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर उड़ रही अफवाहों पर NTA की पैनी नजर
NTA (नेशनल टीचर एसोसिएशन) नीट परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही विभिन्न अफवाहों और दावों से पूरी तरह अवगत है। एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन पोस्ट की गई सभी सामग्री की गहन जांच की जा रही है। इसके अलावा, उम्मीदवारों, अभिभावकों और शिक्षकों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर, इस बार परीक्षा को त्रुटिरहित बनाने के लिए कड़ी सुरक्षा और पारदर्शिता के उपाय लागू किए जा रहे हैं। (एजेंसी)

