क्या भारत में फिर लौटा पोलियो वायरस? गाजियाबाद में 1.5 लाख घरों का सर्वे, जानें पूरा मामला
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद से एक चिंताजनक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें डुंडाहेड़ा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से लिए गए सैंपल में वैक्सीन-डिराइव्ड पोलियोवायरस टाइप-1 (VDPV1) की पुष्टि हुई है। इस जानकारी से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत जांच के लिए टीमें मौके पर भेजी गईं। एक हफ़्ते के अंदर 30 हजार घरों का सर्वे पूरा कर लिया गया है।
2 हजार से ज़्यादा बच्चों की गई जांच
इस सर्वे में 5,421 परिवारों को शामिल किया गया, जिनमें पाँच साल से कम उम्र के 2,590 बच्चे भी शामिल थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन 12 इलाकों में से दो (बुलंदशहर और शास्त्री नगर) में सर्वे पूरा हो चुका है। जिन अन्य इलाकों में अभी सर्वे किया जा रहा है, उनमें राज नगर, दौलतपुरा, पंचवटी कोट गाँव, घुकना, हिंडन विहार, कैला भट्टा, मिर्ज़ापुर, विजय नगर 1, विजय नगर 2 और खराती नगर शामिल हैं। इन इलाकों में लगभग 1.5 लाख लोग रहते हैं।
रतलब है कि यह वायरस 5 जून को विजय नगर सीवेज पंपिंग स्टेशन से लिए गए सैंपल में पाया गया था। इसके बाद, डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस यूनिट ने सीवेज ड्रेनेज नेटवर्क का मैप तैयार किया और प्रभावित इलाके में आने वाले 12 इलाकों की पहचान की। यह सर्वे मंगलवार को शुरू हुआ और उत्तर प्रदेश सरकार, नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (NCDC) और वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइज़ेशन (WHO) इस पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं।हालांकि, अच्छी खबर यह है कि पता चला स्ट्रेन बहुत खतरनाक नहीं है। एक अधिकारी ने बताया कि वाराणसी और मेघालय में पहले भी ऐसे मामले सामने आए थे। हर दो हफ़्ते में रूटीन सैंपल कलेक्शन और टेस्टिंग की जाती है।
क्या भारत में फिर से पोलियो लौट आया है?
नहीं, भारत अभी भी पोलियो-मुक्त देश है। देश में वाइल्ड पोलियो वायरस का आखिरी मामला 2011 में मिला था। लगातार तीन साल तक कोई मामला सामने न आने के बाद, WHO ने 2014 में भारत को पोलियो-मुक्त घोषित कर दिया था। सीवेज में वायरस मिलने का मतलब यह नहीं है कि बीमारी वापस आ गई है।
क्या बच्चों को खतरा है?
अब तक ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह वायरस खतरनाक नहीं है। किसी भी बच्चे में पोलियो संक्रमण या लकवे का कोई मामला सामने नहीं आया है। फिर भी, एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। (एजेंसी)

