‘यह तो बस शुरुआत है, आगे सबका नंबर आएगा…’ हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर में कनाडा से आया कबूलनामा!
डेस्क। उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के मामले में एक बड़ा और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कुख्यात गोगी गैंग की एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें इस मर्डर की पूरी जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
कनाडा से हुआ खौफनाक कबूलनामा?
वायरल हो रही पोस्ट को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह गोगी गैंग से जुड़े गैंगस्टर भोलू शाहपुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा की गई है। मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला और लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़ा बताया जाने वाला भोलू शाहपुरिया इस समय कनाडा के टोरंटो में बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहा है।
पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि अंकित बालियान गोगी गैंग के विरोधियों के संपर्क में था और उसने गैंग से जुड़ी एक पुरानी घटना को लेकर गाना भी बनाया था। पोस्ट के जरिए खौफ पैदा करते हुए लिखा गया है कि ‘यह तो अभी शुरुआत है, आगे अन्य लोगों का भी नंबर आएगा।’
बीच सड़क ताबड़तोड़ गोलियां, मौके पर तोड़ा दम
वारदात शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नालापटरी आर्यपुरी में हुई। हथियारबंद हमलावरों ने सरेआम अंकित बालियान को घेरकर उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं और फरार हो गए। गोली लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही जाम खुलवाया जा सका।
पुलिस जांच के दायरे में दो अहम पहलू
सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस धमकी भरी पोस्ट के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब दो मुख्य बिंदुओं पर जांच केंद्रित कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट की सत्यता क्या है और क्या वाकई इसे टोरंटो से ही ऑपरेट किया गया? क्या यह मर्डर पूरी तरह से गैंगवार का हिस्सा है या इसके पीछे कोई स्थानीय रंजिश छिपी है? फिलहाल पुलिस और साइबर सेल की टीमें इन सभी डिजिटल कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं, जिसके बाद ही इस हत्याकांड का असली सच सामने आ सकेगा।

