Mon. Aug 24th, 2026

आर्थिक संकट के बीच Google का बड़ा तोहफा, पाकिस्तानी छात्रों को AI का फ्री एक्सेस

इस्लामाबाद : आर्थिक उथल-पुथल, महंगाई और गरीबी से जूझ रहे पाकिस्तान को अब अपनी शिक्षा और प्रौद्योगिकी व्यवस्था को चलाने के लिए अमेरिकी दिग्गज कंपनी गूगल की दया पर निर्भर रहना पड़ रहा है। गरीबी और बेरोजगारी से जूझ रहे इस देश में “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) क्रांति” लाने का दावा करते हुए गूगल ने वहां के छात्रों को एक मुफ्त उपहार दे दिया है।

सरकार और गूगल के बीच हुए एक समझौते के तहत, पाकिस्तानी छात्रों को एक साल के लिए गूगल के महंगे और उन्नत एआई टूल्स का मुफ्त इस्तेमाल करने की सुविधा दी जा रही है। जहां एक तरफ देश बुनियादी ढांचे की कमी और आर्थिक अस्थिरता जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, वहीं शाहबाज शरीफ सरकार इस मुफ्त उपहार का जश्न मना रही है और तकनीकी क्रांति के सपने देख रही है।

डिजिटल स्किल को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है कदम

इस समझौते में डिजिटल कौशल को बढ़ावा देने के लिए गूगल करियर सर्टिफिकेट कार्यक्रम के विस्तार को भी शामिल किया गया है, जिसके तहत Google का लक्ष्य 2026 तक पाकिस्तान में 15 लाख प्रमाणपत्र प्रदान करना है। दोनों पक्षों ने इस्लामाबाद में एक AI Centre of Excellence स्थापित करने पर भी सहमति व्यक्त की। इस केंद्र का उद्देश्य पाकिस्तानी युवाओं और मानव संसाधनों को वैश्विक बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रशिक्षित करना है।पाकिस्तान और Google AI के इस्तेमाल को कृषि और सरकारी सेवाओं में बढ़ाने पर भी सहयोग करेंगे। कृषि क्षेत्र में AI का इस्तेमाल फसलों की निगरानी, पूर्वानुमान और टिकाऊ खेती के लिए किया जाएगा। वहीं Federal Board of Revenue के डिजिटाइजेशन कार्यक्रम में AI आधारित डेटा एनालिटिक्स के इस्तेमाल की योजना है।

बनेगी टास्क फोर्स

डॉन न्यूज़ के अनुसार, इस समझौते के तहत IT एक्सपोर्ट और टेक्नोलॉजी सेक्टरको मजबूत करने के लिए सरकार, गूगल और संबंधित पक्षों को मिलाकर एक कार्यबल का गठन किया जाएगा। इसका कार्य IT एक्सपोर्ट में आने वाली बाधाओं और विकास के अवसरों की पहचान करना होगा। इससे पहले Google.org ने पाकिस्तान में डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए 5 लाख डॉलर के निवेश की घोषणा की थी। इसके तहत ‘Digital Pasban’ पहल के जरिए 2 लाख परिवारों को उर्दू भाषा में डिजिटल सेफ्टी टूलकिट, वीडियो और पैरेंटल वर्कशॉप उपलब्ध कराने की योजना है। (एजेंसी)

 

About The Author