कोयला खदान में गैस विस्फोट, 82 मजदूरों की मौत, 9 लापता, रेस्क्यू जारी
उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत में स्थित चांगझू शहर के किनयुआन काउंटी की लियूशेनयु कोयला खदान में शुक्रवार देर रात एक भीषण गैस विस्फोट हो गया, जिसमें अब तक कम से कम 82 मजदूरों की मौत की पुष्टि की गई है। यह हादसा चीन के पिछले कई वर्षों के सबसे गंभीर खनन दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है।
घटना के समय खदान के भीतर कुल 247 मजदूर कार्यरत थे। विस्फोट के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शनिवार सुबह तक 200 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 9 श्रमिक अभी भी लापता हैं।
शुरुआत में सरकारी मीडिया ने केवल 8 मौतों की जानकारी दी थी, लेकिन जैसे-जैसे मलबे से शव निकाले जाते गए, मृतकों की संख्या बढ़कर 82 तक पहुंच गई। अचानक बढ़े इस आंकड़े पर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट बयान जारी नहीं किया गया है।
इस हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को तुरंत बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने दुर्घटना की विस्तृत जांच कर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।
प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन को पारदर्शिता बनाए रखने और समय पर जानकारी सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, खदान संचालन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है, हालांकि अभी तक गिरफ्तारी और आरोपों की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
शांक्सी प्रांत चीन का प्रमुख कोयला उत्पादन क्षेत्र है, जहां बड़े पैमाने पर खनन गतिविधियां होती हैं। हालांकि, यह क्षेत्र पहले भी कई औद्योगिक हादसों के कारण चर्चा में रहा है। इस ताजा विस्फोट ने एक बार फिर चीन की खनन सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

