Mon. Sep 28th, 2026

शारदा चौक से महादेव घाट तक निकलेगी गणेश झांकी, कई जगह नो एंट्री, देखें पूरा रूट

Ganesh Visarjan Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 28 सितंबर को गणेश विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस रात 9 बजे शारदा चौक से प्रस्थान करेगा और जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती पुलिस स्टेशन चौराहा, लाखेनगर चौक, सुंदर नगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट स्थित विसर्जन स्थल पर पहुंचेगा। झांकी को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। झांकी के दौरान संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें।

झांकी मार्ग पर वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित

गणेशोत्सव के दौरान, सभी प्रकार के वाहनों का निर्धारित मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल झांकियों और पैदल यात्रियों को ही अनुमति होगी। यातायात पुलिस ने अन्य मार्गों से आने वाले चालकों से शाम 7 बजे से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का आग्रह किया है।

इन वैकल्पिक मार्गों से कर सकेंगे आवागमन

टाटीबंध की ओर से: टाटीबंध से महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ी नाका का रास्ता भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। भनपुरी की ओर से: फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे।

फाफाडीह से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर भी जाया जा सकता है। तेलीबांधा की ओर से: तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर जाया जा सकता है। कालीबाड़ी मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है। पचपेड़ी नाका की ओर से: पचपेड़ी नाका चौक, टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह और रेलवे स्टेशन की ओर जाया जा सकता है।

इन रास्तों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

झांकी के दौरान शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर यातायात पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।(एजेंसी)

About The Author