Sat. Jun 6th, 2026

SECL कुसमुंडा खदान में धधक रहा कोयला, 24 घंटे बाद भी नहीं बुझी आग

कुसमुंडा खदान के 29 नंबर कोयला स्टॉक में गुरुवार को लगी भीषण आग शुक्रवार को भी पूरी तरह नहीं बुझ सकी।

 

कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान के 29 नंबर कोयला स्टॉक में गुरुवार को लगी भीषण आग दूसरे दिन शुक्रवार को भी पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। विशाल कोयला भंडार में आग लगातार धधक रही है, जिससे कोयले के बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

 

आग पर काबू पाने के लिए एसईसीएल की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। टैंकर वाहनों की मदद से प्रभावित क्षेत्र में लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही डोजर की सहायता से जलते हुए कोयले को अलग-अलग करने का कार्य भी जारी है, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके।

 

डोजर पर भी किया जा रहा पानी का छिड़काव

 

आग की तीव्रता को देखते हुए डोजर के भी आग की चपेट में आने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में मशीनों की सुरक्षा के लिए उन पर भी लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। आग बुझाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

 

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

 

स्थानीय स्तर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप भी सामने आए हैं। आग की चपेट में आए क्षेत्र में डोजर संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि आग लगने की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे और लगातार राहत एवं नियंत्रण कार्य में जुटे हुए हैं।

 

भीषण गर्मी को माना जा रहा कारण

 

जानकारी के अनुसार, बरसात के मौसम से पहले एसईसीएल द्वारा बड़े पैमाने पर कोयले का भंडारण किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि भीषण गर्मी और अत्यधिक तापमान के कारण आग लगने की आशंका बढ़ गई है।

 

गौरतलब है कि खदान क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हर दो-तीन दिनों के अंतराल में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था और कोयला भंडारण की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है और राहत कार्य लगातार जारी है।

 

About The Author