Mahadev Satta App Case: महादेव बुक ऐप के 29 ठिकानों पर छापेमारी, इन्हें भेजा गया जेल
Mahadev Satta App Case: महादेव सट्टा से अर्जित रकम को हवाला कारोबारियों के जरिए करोड़ों रुपए भेजे जाते थे। इसे सिंडिकेट से जुड़े लोगों और प्रोटेक्शन देने वालो तक पहुंचाया जाता था।
Mahadev Satta App Case रायपुर। EOW ने महादेव बुक ऐप की जांच हेतु 6 शहरों के 29 स्थानों पर छापे मारे। रायपुर में 7, भिलाई -दुर्ग 18,बलौदाबाजार 2, रायगढ़, कांकेर में 1-1 स्थान पर छापा मारा गया।
बताया गया है कि छापे की कार्रवाई क्रमशःनिम्नांकित लोगों उनके संस्थाओं पर की गई है। रायपुर में चंद्रभूषण वर्मा के मुजगहन स्थित सृष्टि वाटिका, संतोषी नगर , सुनील दम्मानी के करीबी लोगों, सतीश चंद्राकर के भिलाई के सूर्या विहार, सराफा कारोबारियों के गांधी चौक, आकाशगंगा सुपेला, सिविक सेंटर और उतई स्थित शोरूम, कांकेर के चारामा में हवालदार संतोष पांडेय के घर और महादेव सट्टा से जुडे़ हवाला कारोबारियों के ठिकानों पर कार्रवाई की गई है।
महादेव ऐप सट्टा से जुड़े लोगों के घरों और संस्थानों पर छापेमारी की गई
उधर धरमजयगढ़ स्थित एक कारोबारी के घर को सील कर दिया गया है। छापेमारी की जद में आने वाले लोगों के ठिकानों की तलाशी के दौरान- इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, प्रॉपर्टी, हवाला कारोबार के दस्तावेज, बैंकों से लेनदेन के दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। इसी बीच महादेव ऐप से अर्जित रकम से फायदा पाने वालो के इनपुट, रकम ट्रांजैक्शन, प्रॉपर्टी खरीदी सिंडिकेट से जुड़े लोगों को जानकारी भी मिली है।
गौरतलब हो कि महादेव सट्टा से अर्जित रकम को हवाला कारोबारियों के जरिए करोड़ों रुपए भेजे जाते थे। इसे सिंडिकेट से जुड़े लोगों और प्रोटेक्शन देने वालो तक पहुंचाया जाता था। इसमें दर्जनों लोगों के जुड़े होने के इनपुट मिले हैं। कोलकाता-भोपाल में पकड़े गए गिरीश सूरज महादेव सट्टा की रकम को शेयर बाजार और हवाला के जरिए ट्रांसफर करते थे। इसके इनपुट मिलने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया था।
इन्हें जेल भेजा गया
EOW ने पूछताछ के बाद चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, सुनील दम्मानी और अमित अग्रवाल को विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया। इस दौरान अभियोजन पक्ष की ओर अमित अग्रवाल से पूछताछ करने के लिए रिमांड का आवेदन पेश किया। विशेष न्यायाधीश ने इसे स्वीकृत करते हुए अमित को 14 मई तक के लिए ईओडब्ल्यू को सौंप दिया। वहीं चंद्रभूषण, सतीश और सुनील को 14 मई तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

