Fri. Sep 4th, 2026

पटना समेत 8 जिले बाढ़ की चपेट में, प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे करेंगे सीएम सम्राट चौधरी

Bihar Flood News: बिहार में बाढ़ की स्थिति और भी गंभीर होने के कारण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। राज्य में लगातार बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से पटना समेत आठ प्रमुख जिले बाढ़ की चपेट में हैं। मुख्यमंत्री हवाई सर्वेक्षण के माध्यम से जमीनी स्थिति, जलभराव और फसलों को हुए नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लेंगे। सर्वेक्षण के बाद वे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें राहत सामग्री के वितरण, सामुदायिक रसोई के संचालन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती का आकलन किया जाएगा।सरकार का मुख्य उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाना है। मुख्यमंत्री अधिकारियों को निर्देश देंगे कि प्रभावित क्षेत्रों में दवाओं, साफ पानी और सुरक्षित आश्रय स्थलों की कोई कमी न होने दी जाए।

बाढ़ प्रभावित इलाकों का आज हवाई सर्वे करेंगे सीएम

गंगा, पुनपुन और दरधा नदियों में बढ़ते जलस्तर के कारण आपदा प्रबंधन विभाग ने बिहार के आठ जिलों – पटना, नालंदा, भोजपुर, वैशाली, सारण, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद – में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पटना में आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करके स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक भी बुलाई है। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से पटना जिले के कई निचले और दियारा इलाकों में गंभीर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।(एजेंसी)

About The Author