Rajasthan Accident News : भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत, 15 घायल
Rajasthan Accident News : राजस्थान के दौसा स्थित मंडावर में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिसमें अब तक छह लोगों के मारे जाने की सूचना है। वहीं 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं जिनकी हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार सवारियों से भरी जीप और कोल्ड ड्रिंक से भरे मिनी ट्रक में आमने—सामने की जबरदस्त टक्कर हुई। हादसा अलवर करौली राजमार्ग के उकरुंद गांव के पास स्थित हुडला पेट्रोल पंप और पिलवा मोड के पास हुआ। हादसे में जीप में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को क्षतिग्रस्त वाहनों से निकाला और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को एंबुलेंस और पुलिस जीप की सहायता से पहुंचाया जा रहा है महुवा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां से कुछ गंभीर लोगों को एसएमएस अस्पताल रैफर किए जाने की भी सूचना है।
ओवरलोड थी जीप
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय जीप में ओवरलोड सवारियां भरी हुई थी। जीप में बीस से भी अधिक लोग थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। महुवा से मंडावर बीच रसीदपुर पुलिस चौकी के आगे से धड़ल्ले से ओवरलोड जीपें दौड़ रही है। जिन पर पुलिस कभी कार्रवाई नहीं करती। ओवरलोड के चलते कई बार हादसे हो चुके हैं।

