रांची में दलित महिला से बदसलूकी और मारपीट, पानी लेने पर जातिसूचक गालियां देने का आरोप
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक दलित महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जातिगत दुर्व्यवहार किया गया और उसे कुएं से पानी निकालने से रोका गया। दलित महिला ने एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना एचईसी स्मार्ट सिटी के सेक्टर-2 की
खबरों के मुताबिक, यह घटना 10 अक्टूबर को जगन्नाथपुर पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित एचईसी स्मार्ट सिटी के सेक्टर 2 में घटी। पीड़िता की पहचान मंजू चौधरी के रूप में हुई है, जो एक दलित महिला हैं। मंजू चौधरी ने बताया कि मोहल्ले का एक दबंग परिवार उन्हें कुएं से पानी निकालने से रोक रहा था। जब भी वह पानी लेने जातीं, उन्हें गालियां दी जाती थीं। 10 अक्टूबर को उसी दबंग परिवार ने उनकी पिटाई की। इसके बाद उन्होंने जगन्नाथपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पांच लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट में मामला दर्ज: थानाध्यक्ष
इस मामले पर जगन्नाथपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी नितिन कुमार सिंह ने कहा, ‘महिला की शिकायत के आधार पर अमरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी रेमी देवी, उनके दो बेटों और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 (एससी/एसटी अधिनियम) और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’
23 जुलाई से दलित महिला को पानी नहीं लेने दे रहे थे आरोपी
थाना प्रभारी ने बताया कि दलित महिला ने आरोप लगाया कि उसके घर के पास रहने वाले ये पांच लोग 23 जुलाई से उसे अपने कुएं से पानी निकालने से रोक रहे थे। उसने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को उन्होंने उसके साथ मारपीट की और जातिवादी गालियां दीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई और पता चला कि कुआं अमरेंद्र के घर के परिसर में ही स्थित है।उन्होंने कहा कि हालांकि, महिला को अपमानित करने और उसके साथ मारपीट करने के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। (एजेंसी)

