Swine Flu Alert: छत्तीसगढ़ में 205 मरीज, रायपुर में सबसे ज्यादा 89 मरीज
रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को राज्य में 26 नए मरीजों की पुष्टि हुई, जिसके बाद स्वाइन फ्लू से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 205 हो गई है। इनमें 57 मरीज अभी एक्टिव हैं, जबकि 44 संक्रमितों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। फिलहाल किसी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। राज्य में सामने आए कुल मामलों में रायपुर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 89 संक्रमित मिल चुके हैं। इसके बाद दुर्ग और बिलासपुर में 26-26 मामले दर्ज किए गए हैं।
बारिश और मौसम में बदलाव के बीच बढ़ रहे मामले
अगस्त के दौरान लगातार बारिश और मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। पिछले करीब एक महीने से प्रदेश में लगातार नए मरीज सामने आ रहे हैं और अब संक्रमितों का आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया है। रायपुर जिले के नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश चतुर्वेदी के मुताबिक, स्वाइन फ्लू इंफ्लुएंजा ग्रुप के H1N1 वायरस से होने वाला संक्रमण है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने या उसके खांसने-छींकने से निकलने वाली बूंदों के जरिए यह वायरस दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकता है।
तेज बुखार से लेकर खांसी-जुकाम तक लक्षण
H1N1 संक्रमण होने पर मरीज में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इनमें तेज बुखार, गले में दर्द, शरीर में दर्द, सर्दी और खांसी प्रमुख हैं। सामान्य तौर पर इसके लक्षण कुछ दिनों में कम होने लगते हैं। हालांकि, बुजुर्गों और पहले से किसी अन्य बीमारी से जूझ रहे लोगों में संक्रमण का असर लंबे समय तक रह सकता है। ऐसे लोगों में लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी माना जाता है।
read more: इजरायल में गूंजी कान्हा की भक्ति, यहूदियों ने धूमधाम से मनाई कृष्ण जन्माष्टमी
शुक्रवार को इन जिलों में मिले नए मरीज
शुक्रवार को सामने आए 26 नए मामलों में रायपुर में 12, बिलासपुर में 6, दुर्ग में 4 और बालोद में 2 मरीज मिले। वहीं जांजगीर-चांपा और महासमुंद में एक-एक नए संक्रमित की पहचान हुई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती अधिकांश संक्रमित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल पहुंचे थे, जहां जांच के दौरान स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। वहीं 13 संक्रमितों का इलाज फिलहाल होम आइसोलेशन में किया जा रहा है।
रायपुर में सबसे ज्यादा 89 मामले
प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के सबसे अधिक मामले रायपुर जिले में सामने आए हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 89 पहुंच गई है। दुर्ग और बिलासपुर में 26-26 मामले दर्ज किए गए हैं। अन्य जिलों की स्थिति देखें तो कोरबा में 11, रायगढ़ में 10 और धमतरी में 9 संक्रमित मिले हैं। महासमुंद और राजनांदगांव में 4-4 मामले हैं। बालोद, बस्तर, बेमेतरा और जांजगीर-चांपा में 3-3 संक्रमित सामने आए हैं। कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में 2-2 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव, मनेंद्रगढ़, मोहला-मानपुर और सक्ती में एक-एक संक्रमित की पुष्टि हुई है।
अभी तक गंभीर स्थिति नहीं
प्रदेश में लगातार नए मामले सामने आने के बावजूद अब तक किसी संक्रमित की स्थिति गंभीर नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, खासकर बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

