Breaking News: CGPSC SI और सूबेदार मुख्य परीक्षा स्थगित, आयोग ने जारी किया आदेश
छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए CGPSC से नया अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा नवंबर की शुरुआत में होने वाली थी। आयोग के आदेश के बाद अब उम्मीदवारों को नए परीक्षा कार्यक्रम का इंतजार करना पड़ेगा।
तीन दिनों तक होनी थी मुख्य परीक्षा
आयोग की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार, सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जानी थी। अब निर्धारित तारीखों पर परीक्षा नहीं होगी। आयोग ने परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना मंगलवार को जारी आदेश के माध्यम से दी है।
परीक्षा टालने की वजह स्पष्ट नहीं
CGPSC ने परीक्षा स्थगित करने के पीछे अपरिहार्य कारणों का उल्लेख किया है। हालांकि, आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि किन परिस्थितियों के कारण परीक्षा को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया। फिलहाल नई तारीखों को लेकर भी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
अभ्यर्थी कहां चेक करें नया अपडेट?
मुख्य परीक्षा की आगामी तारीख और संशोधित समय-सारणी आयोग की ओर से अलग से जारी की जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को फिलहाल आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।
परीक्षा से संबंधित अपडेट, नए आदेश और समय-सारणी के लिए उम्मीदवार CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर नियमित रूप से विजिट कर सकते हैं।

