CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में सर्द हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी, जाने मौसम का हाल
CG Weather: प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का ने करवट ली है। उत्तर भारत की ओर से चल रही ठंडी हवाओं का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ता दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ने की संभावना है।
CG Weather Update: रायपुर: रायपुर और सरगुजा संभाग में सर्दी एक बार फिर अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। हिमालय की ओर से आ रही शीतल हवाओं ने अंबिकापुर में तीन दिनों की राहत खत्म कर फिर कंपकंपी बढ़ा दी है।
बीते सप्ताह खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण की वजह से कुछ दिन ठंड में नरमी आई थी, लेकिन अब उत्तर की बर्फीली हवा ने मौसम का रुख पूरी तरह बदल दिया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो बीते दस वर्षों में सबसे कम है। सामान्य से 4.0 डिग्री नीचे पहुंचे पारे ने सर्दी के अहसास को और तेज कर दिया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में बीते 24 घंटे में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई और मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इसी तरह रायपुर माना का न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी बीते दस साल में सबसे कम तापमान रहा है।
ऐसा रहा तापमान
- शुक्रवार को अधिकतम तापमान प्रदेश में सबसे अधिक 29.2 डिग्री दुर्ग में
- न्यूनतम तापमान सबसे कम 6.9 डिग्री अंबिकापुर में
- माना एयरपोर्ट में अधिकतम 26.9 डिग्री, न्यूनतम 11.7 डिग्री
- बिलासपुर का अधिकतम 26.5 डिग्री, न्यूनतम 12.6 डिग्री
- पेण्ड्रारोड का अधिकतम 25.3 डिग्री, न्यूनतम 10.0 डिग्री
- जगदलपुर का अधिकतम 28.8 डिग्री , न्यूनतम 10.6 डिग्री
- दुर्ग का अधिकतम 29.0 डिग्री, न्यूनतम 11.0 डिग्री दर्ज किया गया।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘देवराह’ सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान ‘देवराह’ फिलहाल श्रीलंका और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है। इसके 30 नवंबर तक उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तटों के पास पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसका प्रत्यक्ष प्रभाव छत्तीसगढ़ पर फिलहाल नहीं पड़ेगा।
अभी तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं
रायपुर में सुबह के समय हवा नमी 60–90 प्रतिशत के बीच रही, जबकि शाम को यह घटकर 40–58 प्रतिशत तक आ गई। हवाओं की औसत रफ्तार 2 किमी प्रति घंटे के आसपास दर्ज की गई। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। अगले 2–3 दिनों में तापमान में 2–3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। शनिवार को रायपुर में आसमान साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रह सकता है।

