Budget Session : संसद में विपक्षी दलों का हंगामा जारी, राज्यसभा में बोलेंगे PM मोदी
Budget Session : संसद के बजट सत्र में विपक्ष की ओर से लगातार हंगामा जारी है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को शाम 5 बजे राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे। आइए जानते हैं संसद के सत्र से जुड़ी हर अपडेट।
Budget Session : Budget Session Live: संसद के बजट सत्र में विपक्षी सांसदों की ओर से हंगामा लगातार जारी है। हंगामे के कारण लोकसभा को बार-बार स्थगित करना पड़ा है। बुधवार को भी लोकसभा में विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना संबोधन टालना पड़ा था। गुरुवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को पास कर दिया गया। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राज्यसभा में संबोधन देंगे और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे। पीएम मोदी शाम 5 बजे राज्यसभा को संबोधित करने वाले हैं। लेकिन इससे पहले राज्यसभा में भी सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों के बीच जमकर हंगामा देखने को मिला है।
संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में गुरुवार को विपक्षी दलों के सांसदों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे की किताब के अंश उद्धृत करने की अनुमति नहीं दी गई जिसके बाद विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि लोकसभा सुचारू रूप से नहीं चल रही है। हंगामे के बीच कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्य सदन से वॉकआउट किया। ऐसे में अब सभी की नजरें आज शाम को राज्यसभा में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन पर टिकी हुई हैं। ऐसे में आइए जानते हैं संसद के बजट सत्र से जुड़ी हर अपडेट हमारे इस Live Blog में…
-
वे संसद का सम्मान कैसे कर सकते हैं?- निशिकांत दुबे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के मुद्दे पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, “…जब उन्हें खादी, स्वदेशी और कांग्रेस पार्टी के प्रति कोई सम्मान नहीं है, तो वे संसद का सम्मान कैसे कर सकते हैं? कांग्रेस के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य और कुछ नहीं हो सकता।”
-
टजब तक विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया जाएगा, तब तक…
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा- “जब तक विपक्ष के नेता को बोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी, तब तक प्रधानमंत्री को बोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी”:
किस चीज से डर रहे हैं?- प्रियंका गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लिए केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के ‘अबोध बालक’ शब्द का इस्तेमाल करने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “उनको बोलने देना चाहिए। किस चीज से डर रहे हैं? कि वे किसी किताब से कुछ कोट करेंगे? या एपस्टीन फाइल से डर रहे हैं? या हम उनको इस डील (अमेरिका-भारत व्यापार समझौते) को लेकर कटघरे में खड़ा कर देंगे जिससे सारे किसानों की जिंदगी बर्बाद होने जा रही है?”
सदन नहीं चलेगा तो परेशानी आएगी- चंद्रशेखर आज़ाद
नगीना से निर्दलीय सांसद और आजाद समाज पार्टी – कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा, “ये लोकतंत्र का मंदिर है। सदन नहीं चलेगा तो परेशानी आएगी। नगीना के लिए कई प्रस्ताव मैंने दिए थे। लेकिन बजट में अबकी बार इस तरह के प्रावधान नहीं दिखाई दिए। हमने सोचा था कि सदन चलेगा तब अपने सवाल खड़े करेंगे और सरकार से पूछेंगे।”
कांग्रेस के DNA में ही ये विषय छिपा हुआ है- मुख्यमंत्री नायब सैनी
राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के लिए ‘गद्दार’ शब्द के इस्तेमाल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा, “कांग्रेस के DNA में ही ये विषय छिपा हुआ है। 1984 की बात करें तो निहत्थे लोगों पर कांग्रेस ने अत्याचार किए। हमारी सरकार ने उन सिख दंगों में पीड़ित लोगों को सम्मान देने की बात की है। राहुल गांधी को और कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। इस प्रकार की बात दुर्भाग्यपूर्ण है।”

