बाइक सवारों ने की भाजपा नेता अनुज चौधरी की हत्या – पूरी घटना CCTV में कैद
मुरादाबाद। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य अनुज चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। शहर के नया मुरादाबाद की पार्श्वनाथ अपार्टमेंट कालोनी में उनके घर के बाहर ही हमलावर घात लगाए बैठे थे। शाम करीब छह बजे पुनीत के साथ कालोनी में टहल रहे थे। तभी गोलियां बरसाई और मौत के घाट उतार दिया गया। कालोनीवासी बाहर आए तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
हत्या के पीछे बताई जा रही रंजिश
बाइक से आए तीन हमलावरों ने फायरिंग कर दी। हमले में पुनीत घायल हुए हैं। घटना के पीछे असमोली के ब्लाक प्रमुख पद की रंजिश बताई जा रही है। घटना की प्राथमिकी ब्लाक प्रमुख संतोष देवी के पति प्रभाकर, बेटा अनिकेत और उनके दो साथियों के खिलाफ नामजद दर्ज कराई गई है।
पहले से घात लगाकर बैठे थे हमलवार
संभल के नेकपुर मुख्यतार पुर के मूल निवासी अनुज पांच साल पहले शहर के पार्श्वनाथ अपार्टमेंट में फ्लैट लेकर रहने लगे थे। उन्हें दो सरकारी गनर मिले थे, जबकि उनके साथ निजी गनर भी रहते थे। गुरुवार शाम को वह फ्लैट से निकलकर जैसे ही कालोनी परिसर में आए।
घात लगाए बैठे हमलावरों ने पुनीत को भागने के लिए चेताया और दो लोगों ने गोली बरसानी शुरू कर दीं। तीसरा बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा। अनुज के गनर व कालोनीवासी बाहर आए, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे और भाजपा नेता की मृत्यु हो गई थी। पुनीत को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की प्राथमिकी में ब्लाक प्रमुख के पति और बेटे के अलावा अमरोहा के भवालपुर के अमित और पुष्पेंद्र को नामजद कराया गया है। पुष्पेंद्र को अनुज ने क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव हराया था। इसके अलावा अनुज अमरोहा के मोहित गोली कांड में भी नामजद थे। एसएसपी हेमराज मीना के मुताबिक आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

