Bihar Storm Alert 2026: आंधी-बारिश और वज्रपात से 12 की मौत, पटना सहित 24 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
Bihar Storm Alert 2026: बिहार में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शुक्रवार सुबह से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश और कड़कती बिजली के साथ तेज आंधी का दौर शुरू हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में राज्य के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से कुल 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। हालांकि, इस बारिश से राज्य का तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से बड़ी राहत मिली है।
आज भी 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, पटना में तेज हवा के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, आज शनिवार को भी राजधानी पटना सहित दक्षिण बिहार के सभी जिलों और उत्तर बिहार के पश्चिमी इलाकों को मिलाकर कुल 24 जिलों में तेज हवा के साथ बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। भागलपुर और बांका जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि पटना में तेज हवाओं के साथ भारी बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है।
इन जिलों में मौसम रहेगा सबसे खराब
मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम बिहार के अनेक स्थानों, विशेषकर रोहतास, भभुआ, बक्सर, भोजपुर, अरवल और औरंगाबाद में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके अलावा:
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली गिरने की आशंका है।
उत्तर-पूर्व बिहार में 31 मई और 1 जून को मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
वज्रपात से नवादा-गया में सबसे ज्यादा नुकसान, 12 की मौत
शुक्रवार को आए इस तूफान ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। वज्रपात के कारण नवादा जिले में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं गया जिले में भी बिजली गिरने से तीन लोगों की जान चली गई। इसके अलावा खगड़िया और भागलपुर में भी एक-एक व्यक्ति की मौत की खबर है।
पटना में 107 किमी/घंटा का तूफान, सिवान में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, शुक्रवार को पटना में सबसे तेज 107 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली, जबकि गया में हवा की गति 74 किमी प्रति घंटा रही। बारिश के मामले में सिवान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया, जहां 135.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गोपालगंज में 96.6 से 82.2 मिमी, खगड़िया के परबत्ता में 68.4 मिमी, पटना के पुनपुन में 68 मिमी और नवादा के अकबरपुर में 67.2 मिमी भारी वर्षा दर्ज की गई।
तापमान में भारी गिरावट, लेकिन जून में फिर तपेगा बिहार
आंधी-पानी के चलते बिहार का पारा धड़ाम से नीचे गिर गया है। पटना के अधिकतम तापमान में रिकॉर्ड 8.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और शनिवार को राजधानी का दिन का पारा 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हीटवेव से तप रहे कैमूर (भभुआ) का तापमान भी 5.4 डिग्री गिरकर 34.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री से ऊपर नहीं गया, जबकि सबसे कम तापमान भागलपुर के सबौर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सावधान! आगे क्या होगा:
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तो तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी और राहत बनी रहेगी। लेकिन जून के पहले सप्ताह में तापमान एक बार फिर 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे बिहार को भीषण हीटवेव (लू) का सामना करना पड़ेगा।

