Thu. Aug 27th, 2026

बाढ़ ने रोकी शूटिंग, नेपाल में फंसे बंगाली अभिनेता खराज मुखर्जी; घर वापसी का इंतजार

Kharaj Mukherjee : बंगाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेता खराज मुखर्जी भारी बारिश और बाढ़ के कारण नेपाल में फंसे हुए हैं। वे एक फिल्म की शूटिंग के लिए नेपाल गए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण शूटिंग बाधित हो गई और वे समय पर वापस नहीं लौट पाए। उनके परिवार के अनुसार, शुरुआत में खराज से संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिससे उनके परिवार में चिंता फैल गई। हालांकि, बाद में उनसे संपर्क हुआ और उन्होंने बताया कि वे सुरक्षित हैं। अब वे घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

खराज के बड़े भाई श्रीराज मुखर्जी ने बताया, “खराज 20 अगस्त को शूटिंग के लिए नेपाल गए थे। वहां पहुंचने के बाद लगातार भारी बारिश के कारण दो-तीन दिन तक शूटिंग नहीं हो सकी। खराब मौसम ने पूरी शूटिंग योजना को बाधित कर दिया और खराज समय पर वापस नहीं लौट पाए। परिवार कुछ समय तक उनसे संपर्क नहीं कर पाया, लेकिन बाद में उनसे बात हो सकी। उन्होंने परिवार को बताया कि बाढ़ की स्थिति में वे सुरक्षित हैं।”श्रीराज ने कहा, ”खराज नेपाल के पोखरा से यूपी के गोरखपुर आने की कोशिश करेंगे और वहां से घर लौटेंगे। हमें प्रार्थना करते है कि वह जल्द से जल्द ही कोलकाता पहुंच जाएं।”

खराज की भाभी, सस्वती ने भी इस पूरी घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “खराज 20 अगस्त को शूटिंग के लिए नेपाल गए थे और उन्हें 23 या 24 अगस्त तक लौटना था। हालांकि, भारी बारिश के कारण शूटिंग समय पर पूरी नहीं हो सकी। नतीजतन, उनकी वापसी की तारीख भी आगे बढ़ा दी गई। नेपाल में बाढ़ की खबरों के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है। खराज सुरक्षित हैं, लेकिन उनके घर लौटने तक परिवार की चिंता पूरी तरह से दूर नहीं होगी।”

खराज मुखर्जी एक फिल्म की शूटिंग के लिए नेपाल आए थे। शूटिंग नेपाल-चीन सीमा के पास स्थित नेपाल के रसुवा जिले के एक सुदूर इलाके में हो रही थी। शूटिंग के दौरान अचानक भारी बारिश शुरू हो गई। पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई।

भारी बारिश और बाढ़ से कई इलाकों में सड़कें और पुल प्रभावित हुए। कुछ सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन मुश्किल हो गया। शूटिंग रोकनी पड़ी और कलाकारों व क्रू को वापस लौटने में काफी परेशानी हुई। इससे खराज की वापसी में भी देरी हुई। खराज की पत्नी प्रतिभा मुखर्जी भी उनके साथ नेपाल में हैं।परिवार के मुताबिक, दोनों सुरक्षित हैं। इसी फिल्म की शूटिंग में अभिनेता रजताभ दत्ता भी शामिल थे। हालांकि, उनका काम पहले पूरा हो गया था और वह वहां से पहले ही लौट आए। फिल्म का नाम ‘शिकार’ बताया गया है, जिसमें अभिनेत्री अपू बिस्वास मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। (एजेंसी)

 

About The Author