Bengal CM Candidate: बीजेपी की जीत के बाद नया मुख्यमंत्री कौन? दावेदारों की लंबी कतार
Bengal CM Candidate: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद अब सबकी नजरें कोलकाता के ‘राइटर्स बिल्डिंग’ की कुर्सी पर टिकी हैं। ममता बनर्जी के अभेद्य किलों को ढहाने के बाद बीजेपी के भीतर मुख्यमंत्री के नाम को लेकर मंथन तेज हो गया है। सूत्रों की मानें तो 9 मई (रवींद्रनाथ टैगोर जयंती) को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
इन 4 दिग्गजों के बीच छिड़ी है ‘जंग’
अमित शाह के “बंगाल की धरती का बेटा ही सीएम बनेगा” वाले बयान के बाद पैराशूट लैंडिंग की संभावनाएं खत्म हो गई हैं। रेस में ये चार नाम सबसे आगे हैं:
1. सुवेंदु अधिकारी: ‘जायंट किलर’ और जनता की पसंद
ममता बनर्जी को उनके अपने गढ़ भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर धूल चटाने वाले सुवेंदु अधिकारी इस रेस में सबसे आगे हैं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि जो ‘दीदी’ को हरा सकता है, वही बंगाल चला सकता है।
2. उत्पल महाराज (ब्रह्मचारो): बंगाल के ‘योगी’?
उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बंगाल में भी किसी फायरब्रांड धार्मिक नेता को कमान सौंपी जा सकती है। कालीगंज से 76,000 वोटों से जीतने वाले उत्पल महाराज का नाम संघ (RSS) की पसंद बताया जा रहा है। उनकी हिंदू समाज में गहरी पैठ है।
3. समिक भट्टाचार्य: संगठन के शिल्पी
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बिखरे हुए संगठन को एकजुट कर जीत की राह तैयार की। वे आरएसएस के करीबी हैं और बंगाली भद्रलोक (शिक्षित मध्यम वर्ग) में उनकी छवि बेहद साफ सुथरी और प्रभावशाली है।
4. स्वपन दासगुप्ता: बौद्धिक चेहरा
पद्म भूषण से सम्मानित, इतिहासकार और पत्रकार स्वपन दासगुप्ता को बीजेपी का ‘बौद्धिक चेहरा’ माना जाता है। राशबिहारी सीट से जीत दर्ज करने वाले दासगुप्ता बंगाल के पढ़े-लिखे वर्ग को साधने के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।
इनके अलावा मशहूर अर्थशास्त्री संजीव सन्याल के नाम की भी दबी जुबान में चर्चा हो रही है।
राजनाथ सिंह करेंगे विधायकों के साथ बैठक
बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने हलचल तेज कर दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जल्द ही कोलकाता पहुँचकर नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे, जहाँ सीएम के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है।

