Budget 2026 पेश होने से पहले प्रियंका गांधी ने कहा- “मुझे कोई उम्मीद नहीं”
Budget 2026 : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आज पेश होने वाले बजट को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस बजट से मुझे कोई उम्मीद नहीं है। बजट पेश होने से पहले प्रियंका के अलावा अन्य विपक्षी नेताओं के भी रिएक्शन सामने आए।
Budget 2026 नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पेश करने से पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का बयान सामने आया। प्रियंका गांधी ने कहा, “इस बजट से मुझे कोई उम्मीद नहीं है।”
सपा नेता अखिलेश यादव और सांसद रामगोपाल यादव ने कही ये बात
बजट पेश होने से पहले सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा, “यह सुधार बजट नहीं, विकृत बजट है। यह बजट देश की 5% आबादी के लिए है। भाजपा सिर्फ अपने लोगों को लुभाने की कोशिश कर रही है।”
समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, “हमें इस बजट से कोई उम्मीद नहीं है।”
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने क्या कहा?
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, “भारतीय अर्थव्यवस्था में कई ढांचागत समस्याएं हैं जिनका समाधान एक दशक से नहीं हुआ है। निजी पूंजी निवेश में कोई खास वृद्धि नहीं हुई है। प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में गिरावट आई है। मुझे उम्मीद है कि वित्त मंत्री भारतीय अर्थव्यवस्था में मौजूद ढांचागत असमानताओं को पहचानेंगे और ईमानदारी से उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे।”
आप सांसद संजय सिंह ने क्या कहा?
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा, “जब प्रधानमंत्री ने पहली बार शपथ ली थी, तब उन्होंने देश के युवाओं को आश्वासन दिया था कि वे हर साल 2 करोड़ नौकरियां देंगे। तो, हम 24 करोड़ नौकरियों का हिसाब चाहते हैं। नौकरियों के वादे का क्या हुआ? किसानों की उपज की कीमत दोगुनी करने के वादे का क्या हुआ? हम सरकार से पूछना चाहते हैं: काला धन वापस लाने के वादे का क्या हुआ? उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। उन्हें महंगाई के बारे में बताना चाहिए। कभी वे टैक्स बढ़ाते हैं तो कभी घटाते हैं। सरकार ने देश की आर्थिक व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। इसे कैसे पटरी पर लाया जाएगा, यही हम आज देखेंगे।”
केंद्रीय मंत्रियों के भी सामने आए बयान
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “विश्वास रखिए। सरकार पिछले 11 वर्षों से जिस लक्ष्य के लिए काम कर रही है, वह है भारत को विकसित करना – 2014 से लेकर अब तक के सभी बजट इसी लक्ष्य की ओर एक कदम रहे हैं। यह बजट भी भारत को विकसित भारत बनाने की दिशा में एक और कदम होगा।”
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “यह एक ऐतिहासिक बजट होगा। प्रधानमंत्री की ‘सुधार एक्सप्रेस’ विकसित भारत की ओर तेजी से आगे बढ़ेगी।”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कहते हैं, “विकित और आत्मनिर्भर भारत का बजट।”

