अन्नामलाई ने BJP से दिया इस्तीफा, नितिन नवीन ने मंजूर किया त्यागपत्र, आगे की रणनीति पर नजर
Annamalai Resignation Accepted: तमिलनाडु BJP के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अन्नामलाई का इस्तीफा भी मंजूर कर लिया है अन्नामलाई बीते कुछ महीनों से पार्टी से नाराज चल रहे थे।वह किस बात को लेकर असंतुष्ट थे, इसको लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।बताया जाता है कि पिछले दिनों संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान अन्नामलाई का असंतोष उभरा था।हालांकि उनकी विदाई बेहद सम्मानजनक तरीके से हुई है। आम तौर पर इस कद को नेता सोशल मीडिया मंच या चिट्ठी लिखकर पार्टी छोड़ देता है। लेकिन अन्नामलाई ने पार्टी छोड़ने से पहले दिल्ली का दौरा किया। जहां उनकी अमित शाह सहित बीजेपी के अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात हुई। इस मुलाकात के दौरान भी उनके इस्तीफे के कारणों की चर्चा हुई। अब आधिकारिक रूप से उन्होंने बीजेपी छोड़ दिया है। पार्टी ने उनका इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है।

मंगलवार को अमित शाह से दिल्ली में मिले थे अन्नामलाई
मालूम हो कि अन्नामलााई मंगलवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिले थे। तब उन्होंने पार्टी छोड़ने की वजह बताई थी। बताया जा रहा है कि अन्नामलाई अपनी नई पार्टी शुरू कर सकते हैं। अन्नामलाई के इस्तीफे के बारे में एक सूत्र ने NDTV को बताया, “उन्हें (अन्नामलाई को) लगता है कि भाजपा में उनके लिए कोई अवसर और भविष्य नहीं है।” अन्नामलाई बीजेपी से साल 2021 में जुड़े थे। अब अन्नामलाई ने बीजेपी से सम्मानजनक विदाई का रास्ता चुना। इन सबके बीच मदुरै और कोयंबटूर में पोस्टर लगाए गए, जिनमें समर्थकों ने अन्नामलाई से तमिलनाडु को बचाने के लिए एक नया रूप धारण करने का आग्रह किया था। राजनीतिक पर्यवेक्षकों को लग रहा था कि वे अपने जन्मदिन के मौके पर नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। अब जाकर जब उनका इस्तीफा स्वीकार किया जा चुका है तो फिर से उनके द्वारा नई पार्टी बनाने की कयासबाजी तेज हो गई है।
तमिलनाडु में बीजेपी को मजबूत करने का श्रेय
41 वर्षीय अन्नामलाई पहले से ही “वी द लीडर्स” नामक संस्था चला रहे हैं, जो संभवतः उनकी राजनीतिक योजना में तब्दील हो सकती है. अन्नामलाई ने खाकी वर्दी छोड़ राजनीति में कदम रखा था। बीजेपी को भी उनमें काफी स्पार्क नजर आया, जिसकी वजह से उन पर काफी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। तमिलनाडु में बीजेपी की पकड़ को मजबूत करने का श्रेय अन्नामलाई को जाता है। उनके नेतृत्व में 2019 के लोकसभा चुनावों में मात्र 3.66 प्रतिशत मतदान से भाजपा का मतदान प्रतिशत 2024 में बढ़कर 11 प्रतिशत हो गया। (एजेंसी)

