Thu. Sep 3rd, 2026

दिल्ली में दो महिला पत्रकारों को पुलिस ने लिया हिरासत में, मारपीट के गंभीर आरोप

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान दो महिला पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। गुरुवार को दक्षिणी दिल्ली के साकेत क्षेत्र में कवरेज करने पहुंची पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस के जवानों ने उन्हें जबरन हिरासत में लिया और थाने ले जाकर उनके साथ शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया।

अस्पताल के नए भवन के कार्यक्रम में हुआ घटनाक्रम

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना साकेत स्थित मैक्स अस्पताल के नए भवन के उद्घाटन समारोह के दौरान हुई। पत्रकारों के संस्थान द्वारा जारी किए गए वक्तव्य के अनुसार, पत्रकार शाहीन कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल पूछने का प्रयास कर रही थीं। संस्थान का आरोप है कि उसी समय वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और बिना किसी ठोस कारण के हिरासत में लेकर थाने ले गए, जहां उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया।

सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो, लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद पत्रकार शाहीन खान का थाने के भीतर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में उन्होंने अपनी साथी नफीसा के शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी दावा किया कि पहचान और नाम जानने के बाद उनके साथ अभद्रता और बढ़ा दी गई। मीडिया संस्थान ने इस पूरी घटना को निष्पक्ष पत्रकारिता पर हमला बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

About The Author