IPL की ट्रॉफी जीतने के बाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहुंचे वृंदावन, प्रेमानंद महाराज जी से लिया आशीर्वाद
वृंदावन: IPL 2026 का खिताब जीतने के बाद स्टार क्रिकेट खिलाड़ी विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे। जहां आरसीबी के खेमे में जश्न का माहौल बना हुआ है, वहीं दोनों प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए उनके आश्रम राधा केलि कुंज पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। दरअसल, आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर मैदान पर अपनी बादशाहत कायम रखने वाले भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली इस सफलता के बाद आध्यात्मिक ऊर्जा की तलाश में वृंदावन पहुंचे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने के बाद विराट अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ विराट कोहली सोमवार को वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
![]()
जीत के बाद महाराज के दरबार में पहुंचे विराट अनुष्का
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने हाल ही में आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराकर आरसीबी ने अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने का बड़ा मौका दिया।क्रिकेट मैदान पर मिली इस ऐतिहासिक सफलता के बाद विराट कोहली का वृंदावन पहुंचना चर्चा का विषय बन गया है। कई प्रशंसकों का मानना है कि विराट हमेशा अपनी उपलब्धियों का श्रेय मेहनत के साथ-साथ ईश्वर की कृपा को भी देते हैं और यही वजह है कि बड़े मौकों के बाद वो आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा करते नजर आते हैं।
पहले भी कई बार पहुंच चुके हैं वृंदावन
विराट और अनुष्का पिछले कुछ वर्षों से नियमित रूप से वृंदावन जाते रहे हैं। दोनों कई अवसरों पर प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। यह दंपति अक्सर अपने जीवन में आध्यात्मिकता के महत्व का उल्लेख करता रहा है और कई धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में भी साथ दिखाई देता है।
अनुष्का ने साझा की भावुक पोस्ट
आरसीबी की ऐतिहासिक जीत के बाद अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर विराट कोहली के साथ एक विशेष तस्वीर साझा की। फोटो में विराट ट्रॉफी थामे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि अनुष्का उनके माथे पर प्यार जताती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने पोस्ट के साथ कोई संदेश नहीं लिखा और केवल ट्रॉफी, दिल तथा हाथ जोड़ने वाले इमोजी साझा किए। आरसीबी की लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद मैदान से लेकर सोशल मीडिया तक जश्न का माहौल देखने को मिला, जिसमें विराट और अनुष्का की यह आध्यात्मिक यात्रा भी चर्चा का विषय बन गई।(एजेंसी)

