Thu. Sep 24th, 2026

जमुई के बाद समस्तीपुर में भी शर्मनाक हरकत, सड़क पर लड़की से छेड़खानी का VIDEO वायरल

समस्तीपुर Girl Assult Video: बिहार के जमुई में दसवीं कक्षा की छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस कार्रवाई जारी है। हालांकि, इस पुलिस कार्रवाई के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा घटना समस्तीपुर जिले से सामने आई है, जहां एक लड़की के साथ सार्वजनिक रूप से छेड़छाड़ की गई। दो-तीन स्थानीय युवक न केवल लड़की को गलत तरीके से छू रहे हैं, बल्कि गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बदतमीजी भी करते नजर आए। हैरत की बात यह है कि यह सब होता देख वहां मौजूद लोग हंसते नजर आए। समस्तीपुर में लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद फिर से लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव की घटना

खबरों के मुताबिक, यह घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम पुलिस थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में घटी। इस गांव में बांध बाईपास रोड पर कुछ युवकों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़, दुर्व्यवहार और अश्लील हरकत की। घटना का वीडियो बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के सामने आते ही समस्तीपुर पुलिस हरकत में आ गई।

समस्तीपुर में सरेआम एक लड़की के साथ छेड़छाड़ का वायरल वीडियो 56 सेकंड लंबा है। वीडियो में एक लड़की सड़क पर खड़ी है और लड़कों का एक समूह उसे परेशान कर रहा है। वह भागने की कोशिश करती है, लेकिन बनियान पहने एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता हुआ दिखाई देता है। जब लड़की विरोध करती है, तो लड़कों में से एक उसे मारने की कोशिश करता है। इस दौरान लड़की बार-बार उसे जाने देने की गुहार लगाती है, लेकिन लड़के उसे जाने नहीं देते। वह यह भी कहती है, “रुको, मैं अपने भाई को फोन करती हूं।” पर लड़के कहते हैं कि ठीक है बुलाओ।

आज तड़के गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी

समस्तीपुर में गुरुवार सुबह पुलिस ने एक लड़की के साथ सरेआम छेड़छाड़ करने के आरोप में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। समस्तीपुर के प्रभारी सदर डीएसपी ने बताया कि वायरल वीडियो में लड़की के साथ छेड़छाड़ करते नजर आ रहे चारों आरोपियों को गुरुवार सुबह उनके घरों से गिरफ्तार किया गया। छेड़खानी केस में गिरफ्तार दो आरोपियों की पहचान विकास कुमार शर्मा, पिता सुधीर कुमार शर्मा, जगतसिंहपुर वार्ड-2 और राहुल कुमार, पिता अरूण कुमार पासवान, जगतसिंहपुर वार्ड-1 के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विकास कुमार शर्मा पर शराब के कई केस भी पहले से दर्ज है।

एक लड़के के साथ बाइपास रोड से गुजर रही थी लड़की

खबरों के मुताबिक, लड़की बांध बाईपास रोड पर एक लड़के के साथ जा कर रही थी। रास्ते में फोटो खींचने के लिए वह रुकी। आरोप है कि तभी आसपास के कुछ युवकों ने आकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया, छेड़छाड़ की और उसे गलत तरीके से छुआ। किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

SP बोले- मामला संवेदनशील, किसी आरोपी को नहीं छोड़ेंगे

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मामला बेहद संवेदनशील है और आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच करने में जुटी है। फिलहाल, पुलिस वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, घटना स्थल और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है। (एजेंसी)

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े