Sat. Jul 18th, 2026

आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित धमकी, कहा—’सांसें दबा देंगे’

मुंबई: हाल ही में तीसरी बार शादी करने वाले बॉलीवुड एक्टर आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली है। एक सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप सामने आई है—जिसे कथित तौर पर आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई ने शेयर किया है, जो खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़ा बताते हैं। इसमें कहा गया है कि आमिर खान जैसे लोग देश में ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा दे रहे हैं, जो उनकी संस्कृति के खिलाफ है। पोस्ट में कहा गया है कि वे इस व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेंगे और उसे जल्द ही इसके नतीजे भुगतने होंगे, क्योंकि उसके काम सनातन धर्म और देश के खिलाफ हैं।

पोस्ट में लिखा ह- जय श्री राम, जय सीता राम। मैं आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई (लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप) हूं। हम आमिर खान जैसे लोगों को हमारे देश में ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देते हुए बर्दाश्त नहीं करेंगे—यह हमारी संस्कृति के खिलाफ है—और इसका मुंहतोड़ जवाब बहुत जल्द दिया जाएगा। यह प्रथा हमारे सनातन धर्म और देश के खिलाफ है। ‘हमारा, हमारे भाई-बहनों और देशवासियों से वादा है कि जो भी इस घटिया हरकत को बढ़ावा देगा, उसको हम अपने तरीके से जवाब देंगे। ये जो स्टारडम के नाम पर इस चीज को बढ़ावा दे रहे हैं, इनकी हम सांसें दबा लेंगे।’

पुलिस कर रही वेरिफाई

हालांकि, सूत्रों का कहना है कि मुंबई पुलिस को अभी तक आमिर खान या उनकी टीम से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस को इस कथित धमकी के बारे में मीडिया रिपोर्ट्स—खासकर Facebook और एक वॉइस नोट—से पता चला और वे अभी इस जानकारी की पुष्टि कर रहे हैं। आमिर खान से औपचारिक शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया जा सकता है।अगर आमिर खान की तरफ से कोई शिकायत मिलती है, तो मामला दर्ज किया जा सकता है। लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच काले हिरण के शिकार के मामले को लेकर लंबे समय से दुश्मनी चली आ रही है। इसी बीच, बिश्नोई गैंग ने अब पहली बार आमिर खान को धमकी दी है।

आमिर खान की तीसरी शादी को बताया लव जिहाद

सोशल मीडिया पर चल रही पोस्ट और ऑडियो क्लिप में आमिर खान की तीसरी शादी को ‘लव जिहाद’ बताया गया है। इनमें साथी भाइयों, बहनों और देशवासियों से यह वादा किया गया है कि ऐसी शर्मनाक हरकत को बढ़ावा देने वालों से वे अपने तरीके से निपटेंगे और स्टारडम के नाम पर इसे बढ़ावा देने वालों की “सांसें छीन लेंगे”।

आमिर की तीसरी शादी से नाराज बिश्नोई गैंग?

आमिर खान को मिली धमकी में “लव जिहाद” का जिक्र है, जिससे साफ पता चलता है कि बिश्नोई गैंग उनकी तीसरी शादी से नाराज है। गौरतलब है कि गौरी स्प्रैट से शादी करके घर बसाने के बाद से ही आमिर को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी तीसरी शादी का जबरदस्त विरोध हो रहा है, क्योंकि अलग धर्म की महिला के साथ उनके रिश्ते को “लव जिहाद” का नाम दिया जा रहा है।

बजरंग दल ने भी आमिर की तीसरी शादी का विरोध किया। दूसरे धर्म की महिला से शादी करने के कारण आमिर खान के खिलाफ फतवा जारी किया गया है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने तो आमिर को ‘लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर’ तक कह दिया है। अब बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने के बाद आमिर के फैंस के बीच हलचल मच गई है। फैंस उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। (एजेंसी)

About The Author