CJP के आंदोलन पर बनेगी फिल्म, 20 करोड़ का बजट, टाइटल भी फाइनल
‘कॉकरोच जनता पार्टी : कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और नीट परीक्षा के पेपर लीक विवाद की मांग को लेकर किए गए अनूठे विरोध प्रदर्शन ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया। अब इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम और पर्दे के पीछे के ड्रामे को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी चल रही है। इस विरोध प्रदर्शन पर आधारित एक बड़ी फीचर फिल्म, जिसका शीर्षक “द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी” है, आधिकारिक तौर पर पंजीकृत हो चुकी है। जयपुर निवासी गोविंद देव “ब्रह्मा” ने लंबी रिसर्च और स्क्रिप्ट पर काम करने के बाद इस प्रोजेक्ट का औपचारिक ऐलान किया है। दावा किया जा रहा है कि फिल्म आंदोलन से जुड़े कई ऐसे अंदरूनी और चौंकाने वाले सच उजागर करेगी जो अब तक जनता से छिपे रहे हैं।
आंदोलन से पर्दे के पीछे के खुलासे तक
NEET पेपर लीक मामले के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन ने शिक्षा व्यवस्था और राजनीति दोनों में हलचल मचा दी। इसी विरोध प्रदर्शन के दबाव में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा। फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक राजनीतिक कहानी नहीं होगी, बल्कि दर्शकों को इस आंदोलन की सुनियोजित रणनीति और इसमें अपनाई गई विभिन्न चालों के सभी अनछुए पहलुओं से भी अवगत कराएगी।फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसके शीर्षक को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर इस प्रोजेक्ट के लिए “द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी” शीर्षक पंजीकृत कराया है। यह शीर्षक न केवल अनूठा है, बल्कि उस दौर के राजनीतिक घटनाक्रम पर एक सीधा और तीखा तंज भी कसता है।
20 करोड़ का बजट और बड़े स्तर पर तैयारी
यह कोई कम बजट वाली डॉक्यूमेंट्री-ड्रामा फिल्म नहीं होगी, बल्कि एक भव्य फीचर फिल्म होगी। प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी के अनुसार, फिल्म का कुल बजट 20 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। फिलहाल, जयपुर निवासी गोविंद देव ‘ब्रह्मा’ की देखरेख में पटकथा को अंतिम रूप दिया जा रहा है और शूटिंग स्थल तय करने का काम तेजी से चल रहा है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म की स्टार कास्ट और क्रू को लेकर भी काफी चर्चा है। मुंबई के प्रमुख बॉलीवुड फिल्म निर्माताओं के साथ मुख्य अभिनेताओं, निर्देशक और सह-निर्माताओं के चयन के लिए बातचीत अंतिम चरण में है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो यह सनसनीखेज फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। (एजेंसी)

