Sun. Nov 8th, 2026

भोपाल की हवा बनी सेहत की दुश्मन, देश के 38 प्रदूषित शहरों की सूची में आया नाम

Bhopal Air : राजधानी की हवा में फैली धूल और धुएं ने प्रदूषण का स्तर बढ़ा दिया है। शुक्रवार को भोपाल का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 207 दर्ज किया गया, जिससे यह देश के उन 38 शहरों में शामिल हो गया है जहां वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है। कूड़ा जलाने से भी हवा प्रदूषित हो रही है। प्लास्टिक जलाने से निकलने वाले जहरीले रसायन फेफड़ों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा रहे हैं। दूसरी तरफ सड़ते कचरे से संक्रमण और बीमारियों का जोखिम बढ़ रहा है। प्रदूषण से बदहाल होते भोपाल की स्थिति को अब सुप्रीम कोर्ट में भी उठाया जाएगा।

शहर भर में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग था। एनवायरनमेंट कॉम्प्लेक्स में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 277 दर्ज किया गया, जबकि ईदगाह हिल्स और टीटी नगर में यह 152 रहा। शहर भर में चल रहे सड़क निर्माण और खुदाई के काम से उड़ने वाली धूल हवा को प्रदूषित कर रही है। निर्माण स्थलों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जाता है और न ही धूल नियंत्रण के लिए ग्रीन नेट लगाए गए हैं। सड़कों की नियमित सफाई न होने के कारण वाहनों के गुजरने पर धूल के गुबार उठ रहे हैं। दूसरी ओर आसपास के क्षेत्रों में पराली जलाने और दीपावली पर पटाखों के इस्तेमाल से निकलने वाला धुआं भी हवा की गुणवत्ता पर असर डाल रहा है।

मंडीदीप का एक्यूआई 249

देश के 38 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 201 से 296 के बीच दर्ज किया गया। बागपत सबसे प्रदूषित शहरों में से एक था, जहां AQI 296 था। खुर्जा में AQI 280, पारादीप में 274, अंबाला और सोनीपत में 270, मेरठ में 265 और गाजियाबाद में 257 दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में मंडीदीप का AQI 249 और ग्वालियर का 247 था। भोपाल में AQI 207 और पटियाला में 201 दर्ज किया गया।

फेफड़ों को पहुंचा रहा हैं खासा नुकसान

डॉक्टरों के अनुसार, प्लास्टिक जलाने से जहरीले रसायन निकलते हैं जो फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। धुआं भी स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ाता है। चौक बाजार में कूड़ा जलाया जा रहा है, जबकि इटवारा-बुधवारा में सड़ी हुई मछली और मांस के अवशेष दुर्गंध और बीमारियां फैला रहे हैं। पर्यावरणविद सुभाष सी. पांडे 17 नवंबर को भोपाल की स्थिति पर एक रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश करेंगे। (एजेंसी)

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT