Sat. Nov 7th, 2026

BJP-TMC समर्थक आमने-सामने, अभिषेक बनर्जी ने लगाया पत्थरबाजी और गोलीबारी का आरोप

कोलकाता: शुक्रवार आधी रात को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर हंगामा मच गया। भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच झड़प की खबरें आईं। टीएमसी ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने बनर्जी के घर पर पत्थर फेंके। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करने का प्रयास किया। अभिषेक बनर्जी और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। इसके बाद सांसद कुछ देर के लिए अपने आवास के बाहर धरने पर बैठ गए।

अभिषेक बनर्जी ने लगाया फायरिंग और पत्थरबाजी का आरोप

अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उनके घर पर रात करीब 2 बजे हमला हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सदस्यों ने उनके आवास को निशाना बनाया और यह घटना कोलकाता पुलिस की मौजूदगी में हुई। उन्होंने पत्थरबाजी और गोलीबारी का भी आरोप लगाया। अपने पोस्ट में अभिषेक ने कलकत्ता उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों अदालतें इस मामले में मूकदर्शक बनी रहीं। उन्होंने घटना से संबंधित वीडियो जल्द ही साझा करने का भी वादा किया।

एक दिन पहले घर और दफ्तर की रेकी का लगाया था आरोप

इस घटना से एक दिन पहले, अभिषेक बनर्जी ने अपने घर और दफ्तर के आसपास संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए थे। 6 नवंबर को उन्होंने X पर पोस्ट किया कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिल पर उनके घर और दफ्तर की रेकी कर रहे थे। अभिषेक का दावा है कि जब उनसे पूछताछ की गई, तो उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया। अभिषेक ने मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य पुलिस एक निर्वाचित सांसद के घर और कार्यालय की निगरानी क्यों कर रही है। उन्होंने पूछा कि इस गतिविधि को किसने अधिकृत किया और इसके पीछे क्या मकसद है।

लोकसभा स्पीकर और गृह मंत्रालय से जांच की मांग

TMC सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्रालय, कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस का ध्यान इस मामले की ओर दिलाया। उन्होंने मांग की कि संदिग्धों की पहचान की जाए और उनकी जांच की जाए, साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि उन्हें किसने भेजा था और वे किसके निर्देश पर काम कर रहे थे। लगातार दो दिनों में घटी इन घटनाओं ने पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच राजनीतिक तनाव को फिर से बढ़ा दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के हमले और गोलीबारी के आरोपों की पुष्टि नहीं की है।

‘अभिषेक बनर्जी को मारने का वक्त किसके पास है?’

पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन में मंत्री दिलीप घोष ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के घर पर हमले की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार किसी नेता का जन्मदिन फुटपाथ पर मनाते देखा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई हंगामा करता है, तो उसे करारा जवाब दिया जाता है। दिलीप घोष ने व्यंग्य करते हुए पूछा, “अभिषेक बनर्जी पर हमला करने का समय किसके पास है?” उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के पास कहने या करने के लिए कुछ बचा ही नहीं है, इसलिए वे जनता को गुमराह करने के लिए इस मुद्दे को उठा रहे हैं।(एजेंसी)

About The Author

SKY TMT