Tue. Oct 27th, 2026

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, मिलने उज्जैन पहुंची युवती; चलती कार में गैंगरेप का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में चलती कार के भीतर युवती से गैंगरेप और घिनौनी दरिंदगी का मामला सामने आया है। इंदौर की रहने वाली पीड़िता ने इंस्टाग्राम पर बने दोस्त और उसके साथियों पर नशीला पदार्थ देकर चलती गाड़ी में सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय बर्बरता करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद बदहवास हालत में इंदौर के अस्पताल के बाहर छोड़ी गई पीड़िता ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर पूरी दास्तान बयां की। मामले की गंभीरता को देखते हुए नानाखेड़ा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

इंस्टाग्राम पर पहचान, फिर मिलने के बहाने उज्जैन बुलाया

पीड़िता के अनुसार कुछ महीने पहले उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उज्जैन के रहने वाले चक्रेश जैन से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और पहले भी सामान्य मुलाकातें हुई थीं। सोमवार को आरोपी चक्रेश के लगातार आग्रह करने पर युवती बस में सवार होकर इंदौर से उज्जैन के लिए निकली। उज्जैन में होटल मेघदूत के पास चक्रेश अपने एक अन्य साथी के साथ कार लेकर पहुंचा और युवती को उसमें बैठा लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे रास्ते में पीने के लिए कॉफी दी, जिसमें कोई संदिग्ध या नशीला पदार्थ मिला हुआ था।

शहर भर में दौड़ती रही कार

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे कार में बैठाकर काफी देर तक उज्जैन की सड़कों पर घुमाते रहे और इसी बीच कार में चक्रेश के अन्य दोस्त भी सवार हो गए। चलती गाड़ी के भीतर आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर बुरी तरह मारपीट की। पीड़िता ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ बेहद गंभीर अमानवीय कृत्य किए और उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बेसुध युवती को आरोपी इंदौर स्थित अरबिंदो अस्पताल के बाहर सड़क पर फेंककर गाड़ी समेत फरार हो गए।

आधी रात को थाने पहुंची पीड़िता

घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह रात करीब 9 बजे अपने मुंहबोले भाई को कॉल कर आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही परिजन उसे लेने अरबिंदो अस्पताल पहुंचे और सीधे उज्जैन के नानाखेड़ा थाने लेकर आए। देर रात थाने पहुंची पीड़िता से सीएसपी श्वेता गुप्ता और थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने लंबी पूछताछ की और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवती अपनी मर्जी से बस से उज्जैन पहुंची थी, जिसके बाद यह वारदात घटी।

वीडियो में पांच लोगों का जिक्र

इस पूरे मामले में पीड़िता द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो और थाने में दी गई लिखित शिकायत में आरोपियों की संख्या को लेकर तकनीकी अंतर सामने आया है। वायरल वीडियो में युवती चार से पांच लोगों के शामिल होने की बात कह रही है, जबकि पुलिस के पास दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर मुख्य आरोपी चक्रेश जैन और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं, घटनास्थल के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल लोकेशन की गहराई से तफ्तीश की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

इन्हें भी पढ़े