करनाल में कश्मीर जा रही बस पर पथराव: भड़के उमर अब्दुल्ला, नायब सैनी सरकार से मांगा कड़ा एक्शन
करनाल। हरियाणा के करनाल जिले स्थित नीलोखेड़ी क्षेत्र में दिल्ली से जम्मू-कश्मीर जा रही एक निजी यात्री बस पर पथराव का मामला सामने आया है। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित डिवाइन स्टार ढाबे की पार्किंग में हुई, जहां साइड देने को लेकर कार सवार युवकों और बस में सवार एक व्यक्ति के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवारों ने पास में पड़े पत्थरों और ईंटों से बस पर हमला बोल दिया, जिससे बस की खिड़की का शीशा टूट गया और अंदर बैठे एक यात्री को चोटें आईं।
जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने जताया कड़ा ऐतराज
इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरी चिंता व्यक्त की है और हरियाणा प्रशासन से कड़े कदम उठाने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस को टैग करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जो कभी नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने विश्वास जताया कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और राज्य पुलिस आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करेगी और ऐसी दंडात्मक कार्रवाई करेगी जिससे भविष्य में यात्रियों के साथ इस तरह के कृत्यों की पुनरावृत्ति न हो।
नशे की हालत में साइड देने को लेकर उपजा था विवाद
थाना बुटाना के प्रभारी विपिन कुमार के अनुसार, देर रात डायल 112 कंट्रोल रूम को डिवाइन स्टार ढाबे पर जम्मू-कश्मीर की एक बस पर हमले की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार युवक यूनिसपुर गांव के निवासी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विवाद के समय कार सवार दोनों युवक और बस में मौजूद संबंधित व्यक्ति कथित तौर पर शराब के नशे में थे। संकरे रास्ते में वाहन निकालने और साइड देने की मामूली बहस ने कुछ ही देर में हिंसक टकराव का रूप ले लिया।
पुलिस को औपचारिक शिकायत का इंतजार, उपद्रवियों पर कार्रवाई की तैयारी
जांच के दौरान पुलिस को मोहित, सावन और सहीद नाम के व्यक्तियों की भूमिका के बारे में जानकारी मिली है। थाना प्रभारी ने बताया कि पथराव में बस की खिड़की का शीशा टूटकर एक यात्री को लगा, जिससे वह आंशिक रूप से घायल हो गया। हालांकि, पुलिस टीम द्वारा आग्रह किए जाने के बावजूद बस स्टाफ या पीड़ित यात्री की ओर से अब तक कोई लिखित तहरीर दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि औपचारिक शिकायत मिलते ही विधि सम्मत धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

