Thu. Oct 15th, 2026

PM Modi Asian Games 2026: पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को दी शाबाशी, भारत की जीत पर जताया गर्व

PM Modi Asian Games 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आइची-नागोया एशियाई खेलों (Asian Games 2026) में देश का मान बढ़ाने वाले पदकवीरों से मुलाकात की। इस खास अवसर पर पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि यह सफलता अकेले खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की है।

इस मुलाकात के दौरान एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों तथा क्रिकेट टीमों ने प्रधानमंत्री को अपने हस्ताक्षर वाली विशेष जर्सी भेंट की।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “इतने सारे पदकवीरों से एक साथ मिलना मामूली बात नहीं है। आप सभी युवा एथलीट इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि जब जुनून जीत में बदलता है, तो पदक के साथ-साथ चेहरे की चमक भी अलग ही होती है।”

महिला हॉकी टीम के ऐतिहासिक प्रदर्शन की सराहना

प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से महिला हॉकी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर 44 साल के लंबे इंतजार को आखिरकार खत्म कर दिया है।

‘संकल्प और सपने एक दिन में पूरे नहीं होते’

पीएम मोदी ने आगे कहा कि संकल्प और बड़े सपने रातों-रात पूरे नहीं होते, बल्कि इसके लिए वर्षों का धैर्य और निरंतर परिश्रम अनिवार्य होता है। देश में आज जो बदलाव आ रहा है, वह उसी भावना का परिणाम है जिसके बल पर आप सभी ने यह बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि बीते 10-12 वर्षों में देश ने पूरी निष्ठा से प्रयास किए हैं ताकि हर खिलाड़ी को यह अटूट भरोसा रहे कि उसके पूरे सफर में पूरा देश उसके साथ खड़ा है।

गौरतलब है कि भारत ने आइची-नागोया एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक (जिਨ੍ਹਾਂ में 21 स्वर्ण पदक शामिल हैं) अपने नाम किए और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया।

About The Author