Wed. Oct 14th, 2026

लाड़ली बहना योजना: दोबारा खुलेगा पोर्टल, नए नाम जोड़ने की तैयारी में MP सरकार

भोपाल। मध्य प्रदेश में ‘लाड़ली बहना योजना’ के दायरे को और बढ़ाने के लिए राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। योजना से वंचित रह गई पात्र महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए जल्द ही रजिस्ट्रेशन पोर्टल को पुनः सक्रिय किया जाएगा। स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप छूटे हुए नामों को जोड़ने की प्रक्रिया निकट भविष्य में शुरू होगी।

पात्र महिलाओं का डाटा जुटाने के निर्देश

राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वंचित महिलाओं की पहचान के लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर आंकलन करने के आंतरिक निर्देश दिए हैं। विभाग यह पता लगा रहा है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कितनी पात्र महिलाएं तकनीकी या अन्य कारणों से इस योजना के लाभ से छूट गई हैं। जैसे ही यह प्रारंभिक सर्वे पूरा होगा, नए आवेदन स्वीकार करने के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा।

उमरिया से ट्रांसफर होगी 41वीं किस्त

मध्य प्रदेश की लगभग 1.25 करोड़ महिलाओं को इस योजना के तहत नियमित वित्तीय मदद मिल रही है। 13 सितंबर को आगर मालवा से सरकार ने योजना की 40वीं किस्त जारी की थी। तय कार्यक्रम के अनुसार, 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री उमरिया जिले से राज्य की लाड़ली बहनों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए 41वीं किस्त की राशि ट्रांसफर करेंगे।

1500 रुपये प्रति माह तक पहुंची सहायता राशि

महिलाओं को सामाजिक-आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई इस योजना में सहायता राशि समय-समय पर बढ़ाई गई है। शुरुआत में 1000 रुपये मासिक की दर से शुरू हुई यह योजना बाद में 1250 रुपये और फिर नवंबर 2025 से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह कर दी गई। इसके अलावा, अगस्त 2023 से लेकर अगस्त 2026 तक के चार वर्षों में रक्षाबंधन के अवसर पर लाभार्थियों को 250-250 रुपये का विशेष अतिरिक्त लाभ भी प्रदान किया गया है।

About The Author