Wed. Oct 14th, 2026

Bihar Boat Accident: भोज खाने जा रहे 20 लोगों से भरी नाव पलटी, 13 की मौत से मचा कोहराम, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

Bihar Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात एक बड़ा दर्दनाक नाव हादसा पेश आया। भोज खाने जा रहे करीब 20 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर बीच ढाब को पार कर रहे थे, तभी अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई और उस पर सवार सभी लोग गहरे पानी में डूब गए।

एक घंटे की मशक्कत और अस्पताल में कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर 13 लोगों की मौत की पुष्टि की। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मृतकों में ज्यादातर बच्चियां शामिल बताई जा रही हैं। वहीं, तीन गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर किया गया है।

सरकार की ओर से मुआवजे का ऐलान

इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। राज्य सरकार की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और राहत कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी इस जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, राघोपुर थानाध्यक्ष समेत कई बड़े प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल तुरंत अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंच गए और स्थिति की निगरानी में जुट गए।

About The Author

इन्हें भी पढ़े