राहुल गांधी संग राजघाट कूच करेंगे विपक्षी सांसद, खड़गे ने BJP को घेरा
CEC Protest : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के इस्तीफे के विरोध में विपक्ष गुरुवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है। कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में दोपहर के भोजन के बाद राहुल-प्रियंका गांधी कई विपक्षी सांसदों के साथ राजघाट के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम राजघाट जा रहे हैं, जहां हम बापू से सरकार को बुद्धिमत्ता प्रदान करने की प्रार्थना करेंगे। राहुल ने कहा कि हमें प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है।
राजघाट पर पहले से कई कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं। भारी पुलिस बल भी तैनात है। पुलिस ने यहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की है यानी 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर पाबंदी है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इंडिया ब्लॉक के नेता गांधी स्मारक जाएंगे और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे वहां प्रार्थना करेंगे कि भाजपा सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, यह समझें कि उनके उनके फैसले देशहित में नहीं हैं।
खड़गे ने कहा कि वोट चोरी, बढ़ती महंगाई, युवाओं की समस्याएं और दूसरे संकट जनता के हित के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उन अधिकारों और स्वतंत्रता को छीनने की कोशिश कर रही है, जिन्हें जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने देश के लिए हासिल किया था।
दोपहर 3:40 बजे: कांग्रेस का काफिला अब राजघाट की ओर बढ़ रहा है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। दिल्ली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ने बताया कि वे आज राजघाट की ओर मार्च करेंगे। जमीनी संवाददाता मौसमी सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के मैदान में उतरने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक अलग ही उत्साह दिखाई दे रहा है।एक वक्त था जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और वर्कर्स नजर नहीं आते थे और पिछले एक-दो महीने में कई मीटिंग हुई हैं। यूथ कांग्रेस और अन्य युवा फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन में बदलाव और अलग उत्साह नजर आ रहा है (एजेंसी)

