‘संसद से रोके गए तो जंतर-मंतर सही’: सागर रत्ना में मंथन के बाद बस में निकले विपक्षी सांसद, CEC के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष
नई दिल्ली। संसद मार्ग पर चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च के दौरान हुई धक्का-मुक्की और हिरासत के घटनाक्रम के बाद विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (INDIA) ने अपने तेवर और तीखे कर लिए हैं। दिल्ली के जनपथ स्थित प्रसिद्ध ‘सागर रत्ना’ रेस्टोरेंट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बुलाई गई लंच मीटिंग में विपक्षी दलों ने आगे की रणनीति तैयार की। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित गठबंधन के कई सांसद मौजूद रहे। लंच के तुरंत बाद विपक्ष ने संयुक्त रूप से ऐलान किया कि आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अब तय आंदोलन स्थल ‘जंतर-मंतर’ पर सामूहिक धरना दिया जाएगा।
खरगे का सीधा आरोप: संवैधानिक संस्थाओं पर डाला जा रहा दबाव
लंच के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चुनाव आयोग के पक्षपातपूर्ण फैसलों के खिलाफ विपक्ष की यह जंग रुकने वाली नहीं है। खरगे ने आरोप लगाया कि शीर्ष स्तर से दबाव डालकर आयोग से गलत निर्णय करवाए जा रहे हैं, जिसका सीधा असर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की मर्यादा पर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष का यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के करोड़ों मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों और जनादेश की रक्षा के लिए है।
‘मेरे लिए हर FIR सम्मान का तमगा’: राहुल गांधी का आक्रामक रुख
बैठक के बाद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लगभग 300 सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज कराना चाहते थे, लेकिन उन्हें वहां जाने और लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने से रोक दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि जब हमें आयोग के दफ्तर नहीं जाने दिया गया, तो अब हम तय प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर जा रहे हैं, जहां सभी सांसद एक साथ बैठकर आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की वैधानिकता पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग दोहराई।
मार्च के बाद पुलिसिया कार्रवाई और मुकदमों के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि मेरे खिलाफ पहले से ही 45 एफआईआर दर्ज हैं और मेरा लक्ष्य इसे 100 तक पहुंचाने का है। जनता के अधिकारों के लिए लड़ते हुए दर्ज होने वाली हर एफआईआर मेरे लिए किसी मेडल से कम नहीं है।
एक ही बस में सवार होकर जंतर-मंतर पहुंचे विपक्षी सांसद
रणनीतिक बैठक समाप्त होने के बाद इंडिया ब्लॉक के सभी सांसद एकजुटता का संदेश देते हुए एक ही बस में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष मुकदमों या प्रशासनिक दबाव से पीछे हटने वाला नहीं है और लोकतंत्र की बहाली के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रहेगा। वहीं सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि वे सिर्फ अपने साथियों के साथ लंच करने आए थे और यदि संविधान बचाने के बदले सरकार एफआईआर दर्ज कराती है, तो वे इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।

