Tue. Oct 6th, 2026

सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026:युवा वर्ष के संकल्प के साथ MP का नया रोडमैप, साल में दो बार PSC, 12 नई स्किल यूनिवर्सिटी का ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश के युवाओं को नीति-निर्माण और राज्य के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026’ का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए प्रदेश के भविष्य का व्यापक विजन साझा किया और वर्ष 2027 को आधिकारिक तौर पर ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की। इस अवसर पर आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति का अनूठा मेल देखने को मिला, जहां एआई ह्यूमनाइड रोबोट ‘बडी’ ने मंच पर सबका ध्यान खींचा, वहीं कबीर कैफे और गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुतियों ने समां बांधा।

शिक्षा, शोध और भर्ती परीक्षाओं के लिए बड़े फैसले

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे छात्रों को संबल देते हुए ऐलान किया कि अब मध्य प्रदेश में पीएससी परीक्षा का आयोजन वर्ष में दो बार किया जाएगा, जिसमें एक नियमित और एक विशेष परीक्षा शामिल होगी। शासकीय महाविद्यालयों में सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसके अलावा, उच्च शिक्षा में रिसर्च को गति देने के लिए शोधार्थियों को मिलने वाली वित्तीय सहायता 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रति माह करने का आदेश दिया गया है। सभी सरकारी कॉलेजों में उन्नत एआई और आधुनिक कंप्यूटिंग लैब स्थापित किए जाएंगे।

कौशल विकास का विस्तार

प्रदेश के चिकित्सा तंत्र और रोजगारपरक शिक्षा को नई ऊंचाई देने के लिए वर्ष 2027 में हर माह एक नया मेडिकल कॉलेज शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत कुल 12 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। साथ ही युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करने के लिए 12 नई स्किल यूनिवर्सिटीज की नींव रखी जाएगी। छात्राओं के उच्च शिक्षा प्रोत्साहन के लिए स्नातकोत्तर स्तर पर ‘गांव की बेटी’ और ‘प्रतिभा किरण’ योजनाओं का विस्तार किया गया है। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर दिलाने के लिए एक विशेष प्लेसमेंट एजेंसी की नियुक्ति भी की जाएगी।

स्टार्टअप्स को गति, हर विधानसभा में खेल ढांचा

संवाद सत्र के दौरान छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल को नॉलेज, साइंस और एआई सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड तैयार किया गया है और 5 लाख रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। कृषि में मूल्य संवर्धन और फूड प्रोसेसिंग चेन पर काम चल रहा है, वहीं खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में स्टेडियम निर्माण और भोपाल में अत्याधुनिक खेल परिसर का निर्माण तेजी से जारी है।

2027 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और कनेक्टिविटी का विस्तार

मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि रीवा, दतिया और सतना में हवाई संपर्क मजबूत करने के बाद अब राज्य में हर 150 किलोमीटर पर एयर स्ट्रिप की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने वर्ष 2029 तक मध्य प्रदेश को पूर्ण नशामुक्त राज्य बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही यह भी घोषणा की कि वर्ष 2027 में प्रदेश में एक बार फिर भव्य स्तर पर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) का आयोजन होगा, जिससे प्रदेश के युवाओं के लिए निवेश और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

About The Author

इन्हें भी पढ़े